Harmanpreet Kaur New Milestone: हरमनप्रीत कौर रच सकती हैं इतिहास, टी20 क्रिकेट में 200 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली बनेंगी पहली खिलाड़ी
भारतीय महिला टीम हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलकर लौटी है. इस सीरीज में टीम इंडिया को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा. सीरीज के पहले मुकाबले में हरमनप्रीत को आराम दिया गया था. दूसरे मैच में उन्होंने वापसी करते हुए 26 रन बनाए.
Harmanpreet Kaur New Milestone: आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 (ICC Womens T20 World Cup 2026) का क्रिकेट फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से इंग्लैंड में होगी. इस बार कुल 12 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा गया है. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी. टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 14 जून को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी. इसके बाद भारतीय टीम नीदरलैंड्स, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों का सामना करेगी. ऐसे में फैंस की नजरें टीम इंडिया के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी. यह भी पढ़ें: Suryakumar Yadav T20I Captaincy Stats: सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में कुछ ऐसा रहा हैं टीम इंडिया का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में प्रदर्शन, 'मेन इन ब्लू' के आकंड़ों पर एक नजर
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से होने जा रहा है. इस बड़े टूर्नामेंट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा. वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट (पुरुष और महिला) में 200 मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन सकती हैं.
हरमनप्रीत अब तक 197 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुकी हैं. ऐसे में यदि वह आगामी टी20 वर्ल्ड कप में तीन मैच और खेलती हैं, तो 200 मैचों का ऐतिहासिक आंकड़ा छू लेंगी. पुरुष और महिला क्रिकेट में अभी तक कोई भी खिलाड़ी इस उपलब्धि तक नहीं पहुंच पाया है.
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी
महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ियों की सूची में हरमनप्रीत शीर्ष पर हैं. उनके बाद न्यूजीलैंड की अनुभवी बल्लेबाज सूजी बेट्स दूसरे स्थान पर मौजूद हैं.
सबसे ज्यादा महिला T20I मैच खेलने वाली खिलाड़ी:
हरमनप्रीत कौर – 197 मैच
सूजी बेट्स – 183 मैच
डेनियल वायट – 180 मैच
एलिस पेरी – 174 मैच
स्मृति मंधाना – 166 मैच
सूजी बेट्स ने अपने 183 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 4,720 रन बनाए हैं, जबकि इंग्लैंड की डेनियल वायट 180 मैचों में 3,369 रन बना चुकी हैं.
10वां टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगी हरमनप्रीत
हरमनप्रीत कौर 2009 से अब तक खेले गए हर महिला टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा रही हैं. 2026 का टूर्नामेंट उनके करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप होगा. उन्होंने अब तक टी20 वर्ल्ड कप में 39 मैच खेले हैं. इस दौरान 33 पारियों में 25.03 की औसत से 726 रन बनाए हैं. उनके नाम इस टूर्नामेंट में एक शतक भी दर्ज है. टी20 वर्ल्ड कप में उनका सर्वोच्च स्कोर 103 रन रहा है.
विश्व कप से पहले इंग्लैंड दौरे पर मिली हार
भारतीय महिला टीम हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलकर लौटी है. इस सीरीज में टीम इंडिया को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा. सीरीज के पहले मुकाबले में हरमनप्रीत को आराम दिया गया था. दूसरे मैच में उन्होंने वापसी करते हुए 26 रन बनाए. वहीं तीसरे और अंतिम टी20 मुकाबले में उन्होंने नाबाद 56 रन की पारी खेली, लेकिन भारतीय टीम को जीत नहीं दिला सकीं. अब सभी की नजरें महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर होंगी, जहां हरमनप्रीत कौर न सिर्फ भारत को खिताब दिलाने की कोशिश करेंगी, बल्कि अपने नाम एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी दर्ज करा सकती हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2026 12:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

