Circus Tiger Viral Video: रूस के सर्कस में खौफनाक मंजर, लाइव शो के दौरान जाल फांदकर दर्शकों के बीच कूदा टाइगर; वीडियो वायरल
रूस के रोस्तोव-ऑन-डॉन में 'दोगलुक सर्कस' के दौरान एक बाघ सुरक्षा घेरा तोड़कर दर्शकों के बीच पहुंच गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने सर्कस में जानवरों के इस्तेमाल और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रोस्तोव-ऑन-डॉन (रूस): रूस के रोस्तोव-ऑन-डॉन (Rostov-on-Don) स्थित 'दोगलुक सर्कस' (Dovgaluk Circus) में एक लाइव शो (Live Show) के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बाघ अचानक सुरक्षा जाल को पार कर दर्शकों की दीर्घा में कूद गया. इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल (Viral Video) हो रहे हैं, जिसमें बाघ को पिंजरे के घेरे से बाहर निकलते और दर्शकों की सीटों की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है. इस मंजर को देखकर वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. यह भी पढ़ें: बेबस ममता: मृत बच्चे को होश में लाने की कोशिश करती रही हथिनी, दिल झकझोर देने वाला वीडियो वायरल (Watch Viral Video)
कैसे हुआ यह हादसा?
शो के दौरान तीन बाघ एक नेट से घिरे एरिना के भीतर अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे. उपलब्ध फुटेज के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान घेरे का जाल एक तरफ से ढीला हो गया, जिससे जानवर विचलित हो गए. इसी बीच, एक बाघ ने मौका पाकर जाल के ऊपर से छलांग लगा दी और सीधे दर्शकों के बैठने वाले हिस्से के पास पहुंच गया.
बाघ को इतना करीब देखकर माता-पिता अपने बच्चों को सुरक्षित करने के लिए उन्हें खींचते हुए नजर आए. हालांकि, सर्कस आयोजकों ने तुरंत माइक पर घोषणा की और दर्शकों को शांत रहने का निर्देश दिया ताकि जानवर और अधिक उत्तेजित न हो जाए.
रूसी सर्कस में अफरा-तफरी मच गई, जब एक बाघ भीड़ में घुस गया
सर्कस निदेशक का बयान: कोई हताहत नहीं
सर्कस के निदेशक निकोलाई दोगुगलुक ने बाद में आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी को भी चोट नहीं आई है. उन्होंने बताया कि ट्रेनर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत बाघ के पास पहुंचकर उसे कॉलर से सुरक्षित किया और वापस पिंजरे में ले गया. निदेशक ने यह भी तर्क दिया कि यद्यपि स्थिति जोखिम भरी थी, लेकिन जानवर प्रशिक्षित थे और प्रदर्शन के आदी थे, इसलिए बड़ी अनहोनी टल गई.
सुरक्षा और पशु कल्याण पर फिर छिड़ी बहस
इस घटना के वीडियो ने इंटरनेट पर एक नई बहस छेड़ दी है. कई यूजर्स ने इसे बेहद डरावना बताया है, वहीं पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने मनोरंजन के लिए जंगली जानवरों के इस्तेमाल पर कड़ा विरोध जताया है. आलोचकों का कहना है कि इस तरह के शो न केवल दर्शकों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि जानवरों के कल्याण के खिलाफ भी हैं. कई लोगों ने सर्कस में जंगली जानवरों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध या सख्त नियमों की मांग की है.