Viral Video: बगहा में घर के आंगन में अचानक आमने-सामने आए किंग कोबरा और विशाल अजगर; फिर जो हुआ...
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व से सटे एक घर के परिसर में दुनिया का सबसे लंबा जहरीला सांप किंग कोबरा और विशाल अजगर आमने-सामने आ गए. वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने दोनों जीवों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया.
बगहा: बिहार (Bihar) के पश्चिम चंपारण जिले (West Champaran District) में वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (Valmiki Tiger Reserve) (VTR) के गोनौली वन क्षेत्र से सटे एक गांव में दुर्लभ और जोखिम भरा दृश्य देखने को मिला. यहां एक रिहायशी मकान के आंगन में अचानक विशालकाय किंग कोबरा (King Cobra) और भारी-भरकम अजगर (Python) आमने-सामने आकर ठहर गए.
घर के परिसर में दो विशाल और खतरनाक वन्यजीवों को एक साथ देखकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. यह भी पढ़ें: Viral Video: छोटे सांप को पलक झपकते ही निगल गए नागराज, शिकार का खौफनाक मंजर देख हैरान हो जाएंगे आप
रिहायशी परिसर में दुर्लभ सामना और रेस्क्यू
यह घटना गोनौली वन प्रक्षेत्र कार्यालय के ठीक सामने स्थित नितेश कुमार के मकान की है. परिजनों के अनुसार, पहले परिसर में एक सांप दिखाई दिया और कुछ ही पलों में दूसरी दिशा से विशालकाय अजगर भी सामने आ गया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार ने तुरंत घर खाली किया और वन विभाग को सूचित किया. सूचना मिलते ही प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूअर मुरारी कुमार वन टीम के साथ पहुंचे. भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाते हुए दोनों सक्रिय सांपों को सावधानीपूर्वक नियंत्रित किया गया और बाद में उन्हें सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया.
उल्लेखनीय है कि इसी घर के परिसर से लगभग दो वर्ष पूर्व भी एक विशालकाय किंग कोबरा का सफल रेस्क्यू किया जा चुका है.
किंग कोबरा और विशालकाय अजगर की लड़ाई
क्या आमने-सामने भिड़ सकते हैं किंग कोबरा और अजगर?
मानव-वन्यजीव संघर्ष विशेषज्ञ अभिषेक के अनुसार, किंग कोबरा (जिसकी लंबाई 16 से 18 फीट तक हो सकती है) स्वभाव से अन्य सांपों का भी शिकार करता है. यदि सामने मौजूद सांप आकार में छोटा हो, तो किंग कोबरा उस पर हमला कर सकता है.
दूसरी ओर, अजगर जहरीला नहीं होता, लेकिन उसकी शारीरिक ताकत और मजबूत पकड़ (Constriction) किसी भी जीव का दम घोंटने के लिए पर्याप्त होती है। ऐसे में यदि विशाल अजगर किंग कोबरा को अपनी कुंडली में कस ले, तो मुकाबला दोनों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है. दोनों के बीच संघर्ष का परिणाम उनके आकार, वजन और परिस्थिति पर निर्भर करता है.
मानसून में क्यों बढ़ रही हैं ऐसी घटनाएं?
वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व अपने घने जंगलों और समृद्ध जैव विविधता के लिए जाना जाता है. मानसून के दौरान जलजमाव और बिलों में पानी भरने के कारण सांप व अन्य वन्यजीव भोजन तथा सुरक्षित स्थान की तलाश में इंसानी बस्तियों की ओर रुख करते हैं.
वन विभाग की सलाह:
घर के आसपास झाड़ियों की नियमित सफाई रखें.
रात के समय बिना रोशनी या टॉर्च के बाहर न निकलें.
सांप दिखने पर उसे खुद पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें, तुरंत वन विभाग की विशेषज्ञ टीम को सूचित करें.