Bihar Viral Video: कंधे पर जिंदा मगरमच्छ उठाकर पुलिस स्टेशन पहुंचा युवक, सुपौल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं मगरमच्छ या कोई अन्य जंगली जानवर दिखाई दे तो खुद उसे पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से उसे पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ सके.
Bihar Viral Video: बिहार के सुपौल जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यहां एक युवक जिंदा मगरमच्छ को अपने कंधे पर उठाकर सीधे पुलिस स्टेशन पहुंच गया. यह मगरमच्छ धान के खेत में दिखाई देने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी. ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में वन विभाग के हवाले कर दिया.
यह घटना शुक्रवार को भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड-14 की है. खेत में काम कर रहे लोगों ने अचानक धान के बीच मगरमच्छ को देखा, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए.
ग्रामीणों ने पकड़ा मगरमच्छ, फिर पहुंचाया थाने
शुरुआती घबराहट के बाद कुछ युवकों ने सावधानी के साथ मगरमच्छ को रस्सी की मदद से पकड़ लिया. इसके बाद उन्होंने बिरपुर वन विभाग को सूचना दी, लेकिन तत्काल कोई टीम नहीं पहुंची. ऐसे में युवकों ने मगरमच्छ का मुंह रस्सी से बांधा और एक युवक उसे अपने कंधे पर उठाकर भीमनगर पुलिस स्टेशन ले गया. इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
बिहार के सुपौल में मगरमच्छ से मची अफ़रा-तफ़री के बाद, एक व्यक्ति उसे कंधे पर उठाकर पुलिस स्टेशन ले गया:
जहां मगरमच्छ को देखकर लोग डरकर भाग जाते हैं,
वहीं बिहार के सुपौल में ग्रामीण मगरमच्छ को पकड़कर सड़क पर ले जाते नजर आए। बाद में उसे वन विभाग के हवाले कर दिया गया। pic.twitter.com/Lb3DvrQLzD
— Anjali Kumari (@AnjaliKumari009) August 1, 2026
वन विभाग ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, फिर कोसी नदी में छोड़ा
पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद भीमनगर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने वन विभाग को सूचना दी. मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया. जांच में मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया.
सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वन विभाग ने मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास कोसी नदी में सुरक्षित छोड़ दिया.
अधिकारियों ने लोगों से की अपील
वन विभाग के अधिकारी रवि रंजन ने बताया कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर बढ़ने और जलमार्गों के आपस में जुड़ने के कारण मगरमच्छ जैसे जंगली जानवर अक्सर खेतों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं.
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं मगरमच्छ या कोई अन्य जंगली जानवर दिखाई दे तो खुद उसे पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से उसे पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ सके.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 01, 2026 08:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

