Ayesha Gilamana Death: पाकिस्तानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आयशा गिलामाना की गोली मारकर हत्या, देखें उनके Videos

पाकिस्तान की चर्चित सोशल मीडिया क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर आयशा गिलामाना (शमसू बीबी) की इस्लामाबाद के पास अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर उनके वीडियो काफी लोकप्रिय थे.

पाकिस्तान की लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शमसू बीबी उर्फ 'आयशा गिलामाना' की राजधानी इस्लामाबाद के पास स्थित तक्षशिला (टैक्सिला) शहर में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है. 28 वर्षीय आयशा अपने इंस्टाग्राम और टिकटॉक वीडियो के लिए इंटरनेट पर काफी मशहूर थीं और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर उनके 13 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे. इस हमले में उनकी 15 वर्षीय बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं.

घर से बाहर बुलाकर किया गया जानलेवा हमला

दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत के अनुसार, आयशा को काशिफ उर्फ 'काशी' नामक एक व्यक्ति का फोन आया था, जिसने उन्हें तत्काल घर से बाहर आने के लिए कहा. इसके बाद आयशा अपनी छोटी बहन असीमा और भाई नेमतुल्लाह के साथ कार में सवार होकर निकलीं. रास्ते में एक पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.

हमलावरों की एक गोली आयशा की गर्दन में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. गोलीबारी के बाद असंतुलित होकर कार एक अन्य वाहन से टकरा गई, जिससे उनकी बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गईं.

सोशल मीडिया पर लोकप्रिय थीं आयशा

आयशा गिलामाना पिछले 3 से 4 वर्षों से सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं. इंस्टाग्राम रील्स और टिकटॉक पर उनके डांस, लिप-सिंक और लाइफस्टाइल वीडियो काफी तेजी से वायरल होते थे. बड़ी फैन फॉलोइंग होने के कारण उनकी अचानक हुई मौत की खबर से सोशल मीडिया यूजर्स और उनके फैंस स्तब्ध हैं. उनके पुराने वीडियो इंटरनेट पर फिर से शेयर किए जा रहे हैं.

आर्थिक विवाद और धमकियों का शक

परिजनों के अनुसार, आयशा का कुछ लोगों के साथ पैसों को लेकर लेन-देन का विवाद चल रहा था. आरोप है कि बकाया रकम वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश जारी है.

Share Now