देश

मौत बनकर आ रहा था ट्रक, बाल-बाल बचे दर्जनों इंजीनियर; Maharashtra के बीड जिले का चौंकाने वाला VIDEO वायरल

महाराष्ट्र के बीड जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि सड़क का निरीक्षण कर रहे इंजीनियर्स की टीम के सामने ही एक ट्रक सड़क पर फंस गया और पलट गया.

मौत बनकर आ रहा था ट्रक, बाल-बाल बचे दर्जनों इंजीनियर; Maharashtra के बीड जिले का चौंकाने वाला VIDEO वायरल
Photo- @imvivekgupta/X

Beed Truck Accident: महाराष्ट्र के बीड जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि सड़क का निरीक्षण कर रहे इंजीनियर्स की टीम के सामने ही एक ट्रक सड़क पर फंस गया और पलट गया. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन इसने प्रशासन की लापरवाही और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए. कैमरे में कैद यह घटना वडवानी तालुका के खड़की गांव में घटी, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों में रोष फैल गया. उनका कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग को चेताया था कि ब्रिज निर्माण के दौरान वैकल्पिक रास्ता बनाया जाए, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया.

ये भी पढें:  महाराष्ट्र में छह छावनी बोर्डों का नगर निकायों में विलय किया जाएगा या नया निकाय बनाया जाएगा: फडणवीस

सड़क निरीक्षण के दौरान पलटा ट्रक

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़क की खराब हालत और निर्माण में देरी की शिकायतों के बाद एक सिविल इंजीनियर समेत एक दर्जन लोग निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचे थे. सड़क और पुल निर्माण की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय छात्र और ग्रामीण कई दिनों से वैकल्पिक मार्ग की मांग कर रहे थे. उसी के सिलसिले में यह निरीक्षण किया जा रहा था.

इसी दौरान एक भारी भरकम ट्रक उसी खराब सड़क से गुजरने लगा. फिर थोड़ी ही देर में अचानक वह असंतुलित हो गया और भीड़ से महज कुछ मीटर की दूरी पर जाकर पलट गया. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे, कुछ तो पुल निर्माण के लिए खोदी गई खाई में कूद गए. ट्रक के पलटते ही वहां भगदड़ मच गई.

हो सकता था बड़ा हादसा

निरीक्षण के लिए आए सिविल इंजीनियर ने लोगों को भरोसा दिलाया था कि जल्द ही कोई समाधान निकाला जाएगा. लेकिन इस घटना के बाद अब ग्रामीणों का गुस्सा और ज्यादा बढ़ गया है. उनका कहना है कि यह हादसा अगर कुछ ही फीट और पास हुआ होता, तो कई जानें जा सकती थीं.

अब यह मामला प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है और वीडियो के वायरल होने के बाद जिला प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है. फिलहाल राहत की बात यह है कि इस गंभीर हादसे में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन यह एक बड़ी चेतावनी जरूर बन गई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 10:58 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).