Super Food for Eyes: आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए डाइट में शामिल करें गाजर, करेला और ये पोषक चीजें
बढ़ते स्क्रीन टाइम के चलते आंखों से जुड़ी समस्याएं आम हो गई हैं. न्यूट्रिशनिस्ट्स के अनुसार, गाजर, आम, करेला, काजू और शकरकंद जैसे पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करने से आंखों की रोशनी बेहतर होती है, सूजन और ड्राइनेस कम होती है और संपूर्ण नेत्र स्वास्थ्य में सुधार आता है.
Super Food for Eyes: बढ़ते स्क्रीन टाइम के इस दौर में आंखों से पानी आना, जलन, सूजन, दर्द समेत कमजोर होती आंखों की रोशनी की समस्या आम सी बात बन चुकी है. ऐसे में हेल्दी खाद्य पदार्थों को अपनी डाइट में शामिल कर इन समस्याओं को दूर किया जा सकता है. इस लिस्ट में कड़वे करेले के साथ ही मीठे-मीठे रसीले आम का भी नाम शामिल है. गाजर, करेला, आम, शकरकंद, काजू समेत अन्य खानपान की चीजें आंखों की सेहत को दुरुस्त रखती हैं। रोजाना इनका सेवन न सिर्फ दृष्टि को बेहतर बनाने में मदद करता है, बल्कि समग्र स्वास्थ्य को भी बढ़ावा देता है. न्यूट्रिशनिस्ट, डॉ. स्वाति सिंह ने गाजर के फायदों के बारे में बताया. उन्होंने कहा, "गाजर के नियमित सेवन से शरीर को कई तरह के लाभ मिलते हैं.
यह त्वचा, आंखें और बालों के लिए बेहद फायदेमंद है. गाजर में मौजूद बीटा-कैरोटीन आंखों के लिए फायदेमंद है. गाजर आंखों को सुरक्षा प्रदान करने का काम करता है. यह इम्यून सिस्टम पर भी बेहतर तरीके से काम करता है. गाजर को बहुत सारे तरीकों से खाया जा सकता है. इसे पकाकर या सलाद के तौर पर भी खाया जा सकता है. इसका सूप बनाकर भी लिया जा सकता है, जो लोग इसे सब्जी के तौर पर नहीं ले सकते, वे इसका हलवा भी खा सकते हैं. गाजर को अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए, क्योंकि यह आंखों के साथ ही पूरे शरीर के लिए बेहद फायदेमंद है." उन्होंने आगे बताया, "गाजर में प्रचुर मात्रा में फाइबर पाया जाता है. इसमें 'विटामिन ए' भी पाया जाता है, जो भूख को कम करने का काम करता है. यह भी पढ़े: Sattu Benefits: प्रोटीन से भरपूर सत्तू का सेवन गर्मियों में है वरदान
फाइबर और पोटैशियम के कारण यह दिल के लिए भी बेहद लाभकारी होता है." हेल्थ विशेषज्ञ गाजर के साथ ही रसीले और फलों के राजा आम को भी खाने की सलाह देते हैं. आम खाने में जितना स्वादिष्ट होता है, उतना ही सेहत के लिए फायदेमंद है. आम में बीटा-कैरोटीन नामक एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो आंखों को फ्री-रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाता है. यह विटामिन ए का भी अच्छा स्रोत है, जो दृष्टि को मजबूत करता है और आंखों में ड्राइनेस की समस्या को भी कम करता है. आम मैकुलर डिजनरेशन को रोकने में भी मददगार है. आम के बाद आता है, कड़वे मगर पोषक तत्वों से भरे करेले का नंबर. जी हां! भले ही करेले का स्वाद कड़वा होने की वजह से बहुत कम लोगों को पसंद आता हो, मगर यह आंखों के लिए बेहद फायदेमंद होता है.
इसमें बीटा-कैरोटीन और विटामिन ए पाया जाता है, जो मोतियाबिंद जैसी समस्याओं से बचाव में मददगार है. करेला आंखों की रोशनी को मजबूत करने के साथ डार्क सर्कल्स को भी कम करने में मददगार होता है। ड्राई फ्रूट्स की बात करें तो काजू भी पोषक तत्वों से भरपूर होता है, जो आंखों की सेहत को दुरुस्त रखने में मदद करता है. इसमें जिया जैंथिन नामक एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, जो प्रदूषण और यूवी किरणों से आंखों को बचाता है. यह रेटिना पर एक सुरक्षात्मक परत बनाता है, जिससे आंखों में होने वाले इन्फेक्शन का खतरा कम होता है. आंखों की रक्षा करने में मददगार और पोषक तत्वों से भरपूर शकरकंदी के सेवन से आंखें स्वस्थ और चमकदार रहती हैं. शकरकंदी में विटामिन ए और बीटा-कैरोटीन पाया जाता है. इसमें मौजूद एंथोसायनिन डार्क सर्कल्स और आंखों की सूजन को भी कम करने में मददगार होता है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 09, 2025 05:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

