बिहार में भी रमजान का चांद नजर आ गया है. चांद दिखाई देने के बाद भारत में कल यानी 19 फरवरी से लोग पहला रोजा रखेंगे.
Ramadan Moon Sighting in Bihar: बिहार में भी नजर आया रमजान का चांद
बिहार समेत पूरे भारत में आज शाम रमजान का चांद देखने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सऊदी अरब में रोजे शुरू हो चुके हैं और अब भारत में कल से इबादत के इस पाक महीने के आगाज की उम्मीद है.
Ramzan Moon Sighting in Bihar: इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र महीने 'रमजान' की शुरुआत को लेकर बिहार समेत पूरे देश में उत्साह का माहौल है. आज, बुधवार 18 फरवरी 2026 को बिहार के पटना, गया, भागलपुर और अन्य जिलों में शाम को चांद (हिलाल) देखने की कोशिश की जाएगी. यदि आज शाम चांद नजर आता है, तो बिहार और देश के बाकी हिस्सों में कल यानी गुरुवार 19 फरवरी को पहला रोजा रखा जाएगा.
सऊदी अरब में आज से शुरू हुए रोजे
सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों में मंगलवार शाम को ही रमजान का चांद देख लिया गया था. इसके बाद वहां आज, 18 फरवरी से रोजों की शुरुआत हो चुकी है. आमतौर पर खाड़ी देशों में चांद दिखने के एक दिन बाद भारत में चांद नजर आता है. इसी परंपरा के अनुसार, आज भारत में हिलाल कमेटियों ने लोगों से शाम को आसमान की ओर नजरें रखने की अपील की है. यह भी पढ़े: Ramadan 2026: सऊदी अरब में चांद दिखने के बाद लोगों में रमजान के पाक महीने की खुशी, आज पहली दिन की पढ़ी जायेगी तरावीह
पिछले साल कब दिखा था चांद
इतिहास और खगोलीय गणनाओं पर नजर डालें तो भारत में पिछले साल यानी 2025 में रमजान का चांद 1 मार्च को नजर आया था. इसके बाद दो मार्च 2025 को पूरे देश में पहला रोजा रखा गया था. वहीं, सऊदी अरब में पिछले साल 28 फरवरी को ही चांद देख लिया गया था और वहां 1 मार्च से रोजे शुरू हुए थे. इस बार भी भौगोलिक स्थितियों के कारण एक दिन का यह अंतर बरकरार रहने की संभावना है.
इमारत-ए-शरिया और हिलाल कमेटियां तैयार
पटना स्थित इमारत-ए-शरिया और खानकाह मुजीबिया जैसी बड़ी धार्मिक संस्थाओं ने चांद देखने के विशेष इंतजाम किए हैं. आज शाम मगरिब की नमाज के बाद हिलाल कमेटी की बैठक होगी, जिसमें प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से मिलने वाली गवाहियों की पुष्टि की जाएगी. अगर बिहार के किसी भी हिस्से में चांद दिखने की तस्दीक (पुष्टि) होती है, तो तरावीह की विशेष नमाज आज रात से ही मस्जिदों में शुरू हो जाएगी.
तैयारियों से गुलजार हुए बाजार
रमजान की आहट के साथ ही पटना के सब्जीबाग, फुलवारी शरीफ और गया के बाजारों में भारी रौनक देखी जा रही है. लोग सहरी और इफ्तार के लिए खजूर, फल और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी में जुटे हैं. प्रशासन ने भी शांति व्यवस्था बनाए रखने और मस्जिदों के आसपास सफाई व रोशनी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं.