Zepto Dark Store Raid: जयपुर में खराब स्टोरेज पर बड़ी कार्रवाई, 1,550 दूध-दही के पैकेट नष्ट, 100 किलो खाद्य सामग्री जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग ने Zepto प्रबंधन को नोटिस जारी कर तापमान नियंत्रण, स्टोरेज व्यवस्था और साफ-सफाई में तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों ने स्टोर मैनेजर कैलाश चंद मीणा की मौजूदगी में Pintola पीनट बटर और शहद के नमूने भी जांच के लिए स्टेट सेंट्रल फूड लेबोरेटरी भेजे हैं.
Zepto Dark Store Raid: जयपुर में गुरुवार को क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto के एक डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. खराब स्टोरेज, तापमान में गंभीर गड़बड़ी और साफ-सफाई की खराब स्थिति मिलने पर अधिकारियों ने करीब 1,550 दूध, दही और छाछ के पैकेट नष्ट कर दिए. इसके अलावा 100 किलोग्राम क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री और 7 किलोग्राम एक्सपायर्ड फूड आइटम भी जब्त किए गए. Zepto’s Food Licence Cancelled: धारावी में जेप्टो का लाइसेंस कैंसिल, एफडीए की बड़ी कार्रवाई, साफ सफाई और गंदगी आई थी सामने
यह औचक निरीक्षण राजस्थान सरकार के "शुद्ध आहार - मिलावट पर वार" अभियान के तहत जगतपुरा के रामनगरिया एक्सटेंशन स्थित J.D.S. Marketing Warehouse में किया गया. इस कार्रवाई का नेतृत्व संयुक्त आयुक्त विजय प्रकाश शर्मा ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम के साथ किया.
कोल्ड स्टोरेज में मिला तय मानकों से अधिक तापमान
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि वेयरहाउस के कोल्ड रूम और डीप फ्रीजर का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच था, जो खराब होने वाली खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए निर्धारित मानकों से काफी अधिक है. इसके बाद अधिकारियों ने Saras और Amul ब्रांड के करीब 1,550 दूध, दही और छाछ के पैकेट तुरंत नष्ट करने के आदेश दिए.
100 किलो क्षतिग्रस्त और 7 किलो एक्सपायर्ड सामान मिला
जांच के दौरान करीब 100 किलोग्राम क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री भी बरामद हुई, जिस पर अनिवार्य "Not for Sale" का लेबल नहीं लगाया गया था. इसके अलावा म्यूसली, कैंडी और भुजिया समेत लगभग 7 किलोग्राम एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद बिक्री के लिए रखे गए थे.
वेयरहाउस में मिली गंदगी और खराब सफाई व्यवस्था
अधिकारियों ने वेयरहाउस में साफ-सफाई की भी गंभीर कमी पाई. दीवारों पर पान मसाला की पीक के निशान, गंदगी और जंग लगे व टूटे हुए लोहे के स्टोरेज रैक मिले. यह डार्क स्टोर रोजाना करीब 500 होम डिलीवरी संभालता है.
Zepto को जारी किया गया नोटिस
खाद्य सुरक्षा विभाग ने Zepto प्रबंधन को नोटिस जारी कर तापमान नियंत्रण, स्टोरेज व्यवस्था और साफ-सफाई में तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों ने स्टोर मैनेजर कैलाश चंद मीणा की मौजूदगी में Pintola पीनट बटर और शहद के नमूने भी जांच के लिए स्टेट सेंट्रल फूड लेबोरेटरी भेजे हैं. अधिकारियों ने कहा कि यदि जांच रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो Food Safety and Standards Act के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 10, 2026 05:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

