Who is Ritu Tawde: BJP ने मुंबई की कमान रीतू तावड़े के हाथों में सौंपी, जानें उनके बारे में और उनका वार्ड

भारतीय जनता पार्टी ने मुंबई के मेयर पद के लिए रीतू तावड़े के नाम की घोषणा की है. घाटकोपर के वार्ड संख्या 132 से पार्षद रीतू तावड़े को जमीनी स्तर की राजनीति और प्रशासनिक अनुभव के लिए जाना जाता है.

(Photo Credits ANI)

मुंबई: मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आगामी मेयर चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं. शनिवार, 7 फरवरी को पार्टी ने अधिकारिक तौर पर रीतू तावड़े (Ritu Tawde) को मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया. रीतू तावड़े घाटकोपर के वार्ड संख्या 132 से नवनिर्वाचित पार्षद हैं. महायुति गठबंधन के तहत हुए समझौते के अनुसार, बीजेपी मेयर पद पर चुनाव लड़ रही है, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने संजय घाडी को डिप्टी मेयर (उपमहापौर) के लिए नामांकित किया है.

मुंबई मेयर का पद इस बार 'सामान्य वर्ग की महिला' के लिए आरक्षित है. ऐसे में रीतू तावड़े का चयन बीजेपी के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है.

कौन हैं रीतू तावड़े?

रीतू तावड़े मुंबई बीजेपी का एक अनुभवी चेहरा हैं. वह मूल रूप से कांग्रेस से जुड़ी थीं, लेकिन 2012 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था. उनके राजनीतिक करियर की मुख्य बातें इस प्रकार हैं:

मराठी चेहरा और जमीनी पकड़

बीजेपी के भीतर रीतू तावड़े के नाम पर मुहर लगने की एक बड़ी वजह उनका 'मराठी भाषी' होना है. पार्टी नेतृत्व ने पहले ही स्पष्ट किया था कि मुंबई का मेयर कोई मराठी चेहरा ही होगा. मराठा समुदाय से ताल्लुक रखने के बावजूद रीतू तावड़े को घाटकोपर के गुजराती और अन्य समुदायों का भी व्यापक समर्थन प्राप्त है. उनकी छवि एक ऐसे नेता की है जो स्थानीय मुद्दों पर जनता के लिए आसानी से उपलब्ध रहती हैं.

सत्ता का गणित और चुनाव की तारीख

बीएमसी में कुल 227 सीटें हैं और बहुमत के लिए 114 का आंकड़ा जरूरी है. महायुति गठबंधन के पास वर्तमान में 118 पार्षदों का समर्थन है (बीजेपी: 89, शिंदे सेना: 29).

करीब 40 वर्षों के बाद यह पहली बार होगा जब बीजेपी का अपना मेयर मुंबई की कमान संभालेगा. रीतू तावड़े के सामने मुंबई की बुनियादी सुविधाओं, सड़कों और मानसून की तैयारियों जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी.

Share Now

\