Mumbai Manhole Accident Video: मेयर रितु तावड़े के सामने खुले मैनहोल में गिरा BMC कर्मचारी, वीडियो वायरल होने के बाद मचा बवाल

BMC Worker Falls Into Manhole In Front Of Mumbai Mayor Ritu Tawde: मुंबई में मानसून के बीच जलभराव प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने पहुंचीं मुंबई की मेयर रितु तावड़े के सामने एक बीएमसी कर्मचारी खुले मैनहोल में गिर गया. यह घटना बुधवार, 24 जून को किंग सर्कल स्थित गांधी मार्केट इलाके में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद विपक्ष ने बीएमसी प्रशासन और शहर की मानसून तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह भी पढ़ें: Mumbai Rain Statistics: 24 जून की सुबह तक मुंबई के किस इलाके में हुई सबसे ज्यादा बारिश? देखें बीएमसी के आधिकारिक आंकड़े

जानकारी के मुताबिक, बीएमसी के एफ-नॉर्थ वार्ड में कार्यरत एक मुकादम (सुपरवाइजर) निरीक्षण टीम के साथ चल रहा था. भारी बारिश के कारण सड़क पर जलभराव हो गया था, जिसकी वजह से खुला मैनहोल दिखाई नहीं दे रहा था. इसी दौरान कर्मचारी अचानक उसमें गिर गया.

मेयर के निरीक्षण के दौरान हुआ हादसा

यह घटना किंग सर्कल के गांधी मार्केट इलाके में हुई, जिसे मुंबई के सबसे ज्यादा जलभराव वाले क्षेत्रों में गिना जाता है. मेयर रितु तावड़े और बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी इलाके में जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे. इससे पहले मेयर ने दावा किया था कि शहर की मानसून तैयारियां पूरी हैं और ड्रेनेज सिस्टम सही तरीके से काम कर रहा है.

कर्मचारी के मैनहोल में गिरते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और बीएमसी कर्मचारियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कुछ ही मिनटों में उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया. अधिकारियों के अनुसार कर्मचारी को कोई गंभीर चोट नहीं आई.

मेयर ऋतु तावड़े के सामने मैनहोल में गिरा शख्स

बीएमसी ने क्या कहा?

मेयर कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जिस स्थान पर मैनहोल खुला था, वहां बैरिकेडिंग की गई थी और आसपास के हिस्से को भी सुरक्षित किया गया था.

बयान के अनुसार, "व्यक्ति बैरिकेड हटाकर उस फुटपाथ की ओर जाने की कोशिश कर रहा था जहां मेयर खड़ी थीं. इसी दौरान वह खुले मैनहोल में गिर गया."

मेयर रितु तावड़े ने किया बचाव

आलोचनाओं का जवाब देते हुए मेयर रितु तावड़े ने कहा कि बीएमसी की टीमें लगातार मैदान में काम कर रही हैं और जलभराव से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं.

उन्होंने कहा, "घर पर बैठकर काम नहीं होता. बारिश में भीगना पड़ता है, बाहर निकलना पड़ता है और सड़कों पर उतरकर काम करना पड़ता है."

आपका भ्रष्टाचार रंगे हाथों पकड़ा गया है- वर्षा गायकवाड़

विपक्ष ने साधा निशाना

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी नेताओं ने बीएमसी प्रशासन पर निशाना साधा. कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह हादसा प्रशासन की लापरवाही और भ्रष्टाचार का नतीजा है.

वहीं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नेता किशोरी पेडणेकर ने आरोप लगाया कि शहर में जलभराव की समस्या अधूरे डी-सिल्टिंग कार्यों का परिणाम है. उन्होंने बीएमसी से लंबित सफाई कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग की.

19 करोड़ रुपये की परियोजना वाला इलाका फिर हुआ जलमग्न

गांधी मार्केट क्षेत्र में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए बीएमसी ने वर्ष 2022 में लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से एक भूमिगत मिनी पंपिंग स्टेशन बनाया था. इसके बावजूद भारी बारिश के बाद यहां फिर से पानी भर गया.

मुंबई में मानसून के आगमन के बाद बुधवार को कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला. अंधेरी सबवे, हिंदमाता और अन्य निचले क्षेत्रों में भी पानी भरने से यातायात और लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं.