West Bengal Shocker: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाग में घर के पास खेल रहे बच्चों पर शिक्षक ने चलाई गोलियां, एक मासूम जख्मी

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक प्राथमिक शिक्षक ने कथित तौर पर अपने घर के बाहर खेल रहे बच्चों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस घटना में एक बच्चा घायल हो गया है. पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया है.

प्रतीकात्मक तस्वीर (File Photo/Reuters)

कोलकाता/मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल (West Bengal) के मुर्शिदाबाद जिले (Murshidabad District) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक (Primary Teacher) ने अपने घर के पास खेल रहे बच्चों पर गोलियां चला दीं. इस हमले में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है. पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी शिक्षक, जिसकी पहचान समीर कुमार मंडल (Sameer Kumar Mandal) के रूप में हुई है, को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह घटना शुक्रवार दोपहर रघुनाथगंज थाना क्षेत्र के बनीपुर गांव (Banipur Village) में हुई. यह भी पढ़ें: Bhopal: पीपुल्स यूनिवर्सिटी में बम की धमकी से मचा हड़कंप, संदिग्ध ईमेल में 'सायनाइड बम' और सुसाइड अटैक का जिक्र (Watch Video)

खेल के दौरान गुस्सा खो बैठा शिक्षक

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी शिक्षक समीर कुमार मंडल के घर के पास एक बड़ा मैदान है. शुक्रवार दोपहर करीब 10 से 12 बच्चे वहां क्रिकेट और फुटबॉल खेल रहे थे. खेल के दौरान गेंद कई बार समीर के घर के दरवाजे और दीवार से टकराई. बार-बार गेंद टकराने से नाराज होकर शिक्षक अपना आपा खो बैठा और कथित तौर पर अपनी छत से बच्चों पर 5 से 6 राउंड फायरिंग कर दी.

चश्मदीद बच्चों ने सुनाई खौफनाक दास्तां

घायल बच्चे के एक दोस्त ने मीडिया को बताया, ‘हम खेल रहे थे और गेंद मंडल के घर की दीवार पर लगी. अचानक हमने देखा कि वह छत से हम पर गोलियां चला रहे थे. गोलियां किसी के कान के पास से तो किसी के सिर के ऊपर से गुजर रही थीं. डर के मारे हम हिल भी नहीं पा रहे थे। तभी हमारे एक दोस्त को गोली लग गई और वह चीखते हुए मैदान पर गिर पड़ा.’

स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

पुलिस की कार्रवाई और आरोपी का बयान

रघुनाथगंज पुलिस ने शुक्रवार रात को ही दबिश देकर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, समीर मंडल उमरपुर प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत है.

पीड़ित परिवार ने की कड़ी सजा की मांग

घायल बच्चे के पिता ने इस घटना पर गहरा दुख और रोष व्यक्त किया है. उन्होंने सवाल किया कि एक शिक्षक बच्चों पर इस तरह से गोलियां कैसे चला सकता है? पीड़ित परिवार ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और उसे कड़ी सजा देने की मांग की है. पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के सटीक कारणों और हथियार की वैधता का पता लगाया जा सके.

Share Now

\