Weather Forecast: होली पर उत्तर भारत में झमाझम बारिश; मुंबई, गुजरात में झुलसाएगी गर्मी
होली से पहले देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है. खासतौर पर उत्तर भारत में होली से पहले मौसम करवट ले सकता है.
नई दिल्ली: होली से पहले देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है. खासतौर पर उत्तर भारत में होली से पहले मौसम करवट ले सकता है. दिल्ली समेत कई राज्यों में 13 और 14 मार्च को बारिश होने की संभावना है, जिससे होली का उत्साह थोड़ा ठंडा पड़ सकता है. आइए जानते हैं होली पर देशभर में में कैसा रहेगा मौसम.
दिल्ली-NCR में होली पर बारिश की संभावना
दिल्ली में होली के दौरान मौसम का मिजाज बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 14 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी. हालांकि, इससे पहले 10-12 मार्च तक तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसके अलावा, 11-12 मार्च को 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर
देश के पश्चिमी और उत्तरी इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 10 से 14 मार्च के बीच देखने को मिलेगा. इस विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 10 से 12 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. पंजाब और हरियाणा में 12 से 14 मार्च के बीच हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में14 मार्च को होली के दिन बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को थोड़ा संभलकर बाहर निकलना पड़ेगा.
गुजरात और राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी
एक ओर जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना है, वहीं गुजरात और राजस्थान में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में 10 से 14 मार्च के बीच लू (Heatwave) चलने की आशंका है. मौसम विभाग ने 13 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है.
राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है. अगले 48 घंटों में तापमान में 4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है. हालांकि, 13-15 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है.
मुंबई में झुलसाएगी भीषण गर्मी
आने वाले दिनों में मुंबईकरों पर गर्मी झुलसाने वाली है. क्षेत्रीय मौसम विभाग ने हीट वेव का अनुमान जताया है. अगले 3 दिन में पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. अरब सागर में बने ऐंटि साइक्लोन के चलते दिन में गर्मी अधिक रहेगी और एमएमआर के कुछ हिस्सों में 40 डिग्री सेल्सियस तक तापमान जा सकता है.
गोवा और कोंकण क्षेत्र में भी गर्मी का असर
मौसम विभाग के अनुसार, गोवा और कोंकण क्षेत्र में भी तापमान बढ़ने की संभावना है, जिससे इन इलाकों में गर्मी का असर दिखने लगेगा.
इस बार होली से पहले मौसम का बदला मिजाज कई राज्यों में लोगों को प्रभावित कर सकता है. जहां उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, वहीं पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में गर्मी बढ़ रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 10, 2025 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

