उर्मिला मातोंडकर के पूर्व पति मोहसिन अख्तर मीर ने की दूसरी शादी, दुल्हन का चेहरा छिपाया
बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर के पूर्व पति और कश्मीरी व्यवसायी मोहसिन अख्तर मीर की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद उनकी दूसरी शादी की अटकलें तेज हो गई हैं.
बॉलीवुड अभिनेत्री और राजनेता उर्मिला मातोंडकर के पूर्व पति मोहसिन अख्तर मीर एक बार फिर सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर सामने आई उनकी एक हालिया पोस्ट के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि उन्होंने दूसरी शादी कर ली है. मोहसिन ने अपनी नई जीवनसंगिनी के साथ एक तस्वीर साझा की है, जिसमें दोनों अंगूठियां दिखाते नजर आ रहे हैं. हालांकि, उन्होंने अपनी पत्नी का चेहरा और नाम सार्वजनिक नहीं किया है, जिससे दुल्हन की पहचान को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. यह घटनाक्रम उर्मिला और मोहसिन के साल 2024 में हुए तलाक के लगभग डेढ़ साल बाद सामने आया है.
सोशल मीडिया पोस्ट ने दी शादी की खबरों को हवा
मोहसिन अख्तर मीर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल की स्टोरी पर एक खास तस्वीर साझा की, जिसके बाद से उनकी दूसरी शादी के कयास लगाए जा रहे हैं. इस तस्वीर में वह एक मिस्ट्री गर्ल का हाथ थामे नजर आ रहे हैं. यह भी पढ़े: Kanpur News: यूपी के कानपुर में हैरान कर देने वाला मामला, दामाद ने सास से रचाई शादी, सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल
तस्वीर में महिला के हाथों में रची मेहंदी और दोनों की उंगलियों में दिख रही डायमंड रिंग्स साफ तौर पर एक नए रिश्ते की ओर इशारा कर रही हैं. मोहसिन ने इस पोस्ट के साथ कोई लंबा संदेश लिखने के बजाय केवल एक 'रेड हार्ट' (दिल) का इमोजी बनाया है. चेहरा छिपे होने के कारण सोशल मीडिया पर प्रशंसक दुल्हन का नाम जानने के लिए उत्सुक हैं.
उर्मिला मातोंडकर और मोहसिन का रिश्ता
उर्मिला मातोंडकर और मोहसिन अख्तर मीर 4 फरवरी 2016 को एक निजी और सादगीभरे समारोह में विवाह बंधन में बंधे थे. उम्र में लगभग 10 साल का अंतर और अलग-अलग धार्मिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद दोनों का रिश्ता लंबे समय तक चर्चा में रहा.
शादी के करीब आठ साल बाद, सितंबर 2024 में उर्मिला मातोंडकर ने मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दी थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह तलाक आपसी सहमति से नहीं हुआ था. दोनों ने कभी भी अपने अलगाव के कारणों पर खुलकर बात नहीं की, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स में आपसी मतभेदों और निजी कारणों को इसकी वजह बताया गया था.
कौन हैं मोहसिन अख्तर मीर?
मूल रूप से कश्मीर के रहने वाले मोहसिन अख्तर मीर एक व्यवसायी और पूर्व मॉडल हैं. उन्होंने 21 साल की उम्र में अभिनय में किस्मत आजमाने के लिए मुंबई का रुख किया था. उन्होंने 'लक बाय चांस' (2009) और 'मुंबई मस्त कलंदर' (2011) जैसी कुछ फिल्मों में छोटी भूमिकाएं निभाईं, लेकिन बाद में उन्होंने अभिनय छोड़कर बिजनेस पर ध्यान केंद्रित किया.
मोहसिन जाने-माने फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के लेबल से भी जुड़े रहे हैं, जो कश्मीरी हस्तशिल्प को बढ़ावा देता है. दिलचस्प बात यह है कि उर्मिला और मोहसिन की पहली मुलाकात भी साल 2014 में मनीष मल्होत्रा की भतीजी की शादी के दौरान ही हुई थी.