एजेंसी न्यूज

Gujarat: अहमदाबाद में नाले की सफाई के दौरान दम घुटने से दो सफाईकर्मियों की मौत

गुजरात के अहमदाबाद जिले में सीवर लाइन की सफाई करते समय दम घुटने से दो सफाईकर्मियों की मौत हो गयी.

Gujarat: अहमदाबाद में नाले की सफाई के दौरान दम घुटने से दो सफाईकर्मियों की मौत
Death Representative (Photo Credit: PTI)

अहमदाबाद, 23 अप्रैल: गुजरात के अहमदाबाद जिले में सीवर लाइन की सफाई करते समय दम घुटने से दो सफाईकर्मियों की मौत हो गयी. पुलिस ने रविवार को बताया कि शनिवार शाम ढोलका शहर में जब गोपाल पाधार (24) और बिजाल पाधार (32) सफाई करने के लिए सीवर लाइन में नीचे उतरे तो वे बेहोश हो गये. यह भी पढ़ें: Delhi Shocker: बाहरी दिल्ली में एक पुरुष का शव मिला, हत्या की आशंका

ढोलका थाने के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उन्होंने कहा, ‘‘ शनिवार शाम पांच बजे यह घटना तब घटी तब ये दोनों सीवर लाइन की सफाई करने नीचे उतरे. दम घुटने से उनकी मौत हो गयी.’’

अधिकारी ने बताया कि ठेकेदारों-आशिक ठाकोर और जगदीश ठाकोर के खिलाफ भादंसं तथा अनुसूचित जाति/जनजाति उत्पीड़न रोकथाम अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गुजरात सरकार ने हाल में विधानसभा में कहा था कि पिछले दो साल में राज्य के विभिन्न हिस्सों में गंदे नालों की सफाई करते समय दम घुटने से 11 सफाईकर्मियों की मौत हुई है.

मंगलवार को एक गैर सरकारी संगठन ने गुजरात उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर कर अनुरोध किया था कि वह सरकार को सफाईकर्मियों की मौत रोकने के लिए कदम उठाने और नालों एवं सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जान गंवाने वालों के परिवारों को मुआवजा देने का निर्देश दे.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2023 01:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).