देश

सुरक्षा एजेंसियों को मिली बड़ी कामयाबी, ISIS का इंडिया चीफ हैरिस फारूकी अपने साथी के साथ असम से गिरफ्तार

‘आईएसआईएस इंडिया’ के प्रमुख हैरिस फारूकी और उसके एक सहायक को बांग्लादेश से सीमा पार कर असम के धुबरी में पहुंचने पर गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने यह जानकारी दी.

सुरक्षा एजेंसियों को मिली बड़ी कामयाबी, ISIS का इंडिया चीफ हैरिस फारूकी अपने साथी के साथ असम से गिरफ्तार
(Photo Credits Pixabay)

गुवाहाटी, 20 मार्च: ‘आईएसआईएस इंडिया’ के प्रमुख हैरिस फारूकी और उसके एक सहायक को बांग्लादेश से सीमा पार कर असम के धुबरी में पहुंचने पर गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. एक बयान में असम पुलिस के प्रमुख जनसंपर्क अधिकारी प्रणवज्योति गोस्वामी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने दोनों को धर्मशाला क्षेत्र से पकड़ा है और बाद में उन्हें गुवाहाटी में एसटीएफ कार्यालय लाया.

उन्होंने कहा, ‘‘ उन दोनों की पहचान पक्की है और यह पाया गया है कि आरोपी हैरिस फारूकी उर्फ हैरिस अजमल फारूकी (देहरादून के चकराता का निवासी) भारत में आईएसआईएस का प्रमुख है.’’

उन्होंने कहा कि उसका साथी और पानीपत निवावी अनुराग सिंह उर्फ रेहान इस्लाम अपना चुका है और उसकी पत्नी बांग्लादेशी नागरिक है.

बयान में कहा गया है, ‘‘ दोनों के मन में कट्टरपंथ भरा पड़ा है और वे भारत में आईएसआईएस के उत्साही नेता/सदस्य हैं. उन्होंने भर्ती, आतंक के वित्त पोषण तथा भारत में विभिन्न स्थानों पर आईईडी के मार्फत आतंकी हरकतों को अंजाम देने की साजिश के जरिए भारत में आईएसआईएस के मकसद को आगे बढ़ाया है.’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ एनआईए, दिल्ली, एटीएस और लखनऊ एवं अन्य स्थानों पर कई मामले लंबित हैं. उन्होंने कहा, ‘‘ असम का एसटीएफ इन आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई के वास्ते उन्हें एनआईए को सौंप देगा.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 20, 2024 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).