Pakistan Minister X Account Suspended: भारत-पाक के बीच तनाव चरम पर! अब पाक मंत्री अताउल्लाह तरार का एक्स अकाउंट सस्पेंड, हिंदुस्तान की ओर से जारी है कड़ी कार्रवाई
भारत सरकार ने पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार का X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट भी सस्पेंड कर दिया है. अब जब कोई उनके नाम से X पर अकाउंट खोजता है, तो "Account withheld" यानी "खाता रोका गया है" का संदेश दिखता है.
India Suspends Pakistan I&B Minister Ataullah Tarar’s X Account: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं. इस बीच भारत सरकार ने पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार का X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट भी सस्पेंड कर दिया है. अब जब कोई उनके नाम से X पर अकाउंट खोजता है, तो "Account withheld" यानी "खाता रोका गया है" का संदेश दिखता है. यह कदम उस दिन लिया गया जब भारत ने पाकिस्तान से सीधे या परोक्ष रूप से होने वाले सभी आयातों पर रोक लगाने का ऐलान किया.
भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने नोटिफिकेशन जारी कर कहा कि पाकिस्तान से आने वाले किसी भी प्रकार के माल का आयात या ट्रांजिट अब पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा, चाहे वो माल पहले अनुमत हो या नहीं. यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
पहलगाम आतंकी हमला: एक बर्बर साजिश
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के बाइसारन मैदान में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की हत्या कर दी गई, जिनमें से 23 हिन्दू पुरुष पर्यटक थे. हमले को अंजाम देने वाले आतंकी ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) से जुड़े थे, जो पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का ही एक हिस्सा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आतंकियों ने पहले पीड़ितों को कलमा पढ़ने को कहा और फिर उन्हें अपनी पैंट उतारने को मजबूर किया ताकि उनकी धार्मिक पहचान की पुष्टि की जा सके. इसके बाद उन्हें उनके परिवार वालों के सामने ही गोली मार दी गई.
यह अमानवीय कृत्य पूरे देश को झकझोर कर रख दिया और इसके खिलाफ देशभर में गुस्से की लहर दौड़ गई।
भारत का तीखा जवाब
इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई सख्त कदम उठाए हैं. इंडस जल संधि को निलंबित कर दिया गया, अटारी-वाघा बॉर्डर को बंद कर दिया गया, उच्चायोगों में स्टाफ घटाया गया, पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए गए और उन्हें 48 घंटे में देश छोड़ने का आदेश दिया गया. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी साफ कर दिया है कि भारतीय सेना को पूरी छूट दे दी गई है कि वह कैसे, कब और कहां जवाब देगी.
पीएम मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनएसए अजित डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के साथ बैठक में इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई जरूरी है और सेना पर उन्हें पूरा भरोसा है.
2019 की तरह जवाब संभव
2019 के पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी कैंपों पर एयर स्ट्राइक की थी. माना जा रहा है कि इस बार भी कुछ वैसा ही कड़ा कदम उठाया जा सकता है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2025 03:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

