Telangana Weight-Loss Drugs: तेलंगाना में वजन घटाने वाली दवाओं की अवैध बिक्री पर DCA का शिकंजा, 43 मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी
तेलंगाना के औषधि नियंत्रण प्रशासन (DCA) ने वजन घटाने और डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की बिक्री में भारी अनियमितता पाए जाने पर राज्य भर में 43 मेडिकल दुकानों पर बड़ी कार्रवाई की है.
Telangana Weight-Loss Drugs: तेलंगाना के औषधि नियंत्रण प्रशासन (DCA) ने वजन घटाने और डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की बिक्री में भारी अनियमितता पाए जाने पर राज्य भर में 43 मेडिकल दुकानों पर बड़ी कार्रवाई की है. 14 अगस्त 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत प्रशासनिक टीम ने मुख्य रूप से 'टिरज़ेपेपटाइड' (Tirzepatide) और 'सेमाग्लूटाइड' (Semaglutide) सॉल्ट वाली दवाओं की बिक्री और वितरण की गहन जांच की.
इन दवाओं में मौंजारो (Mounjaro), ओज़ैम्पिक (Ozempic), वेगोवी (Wegovy) और राइबेल्सस (Rybelsus) जैसी नामी ब्रांडेड दवाओं के साथ-साथ बाजार में हाल में आए इनके जेनेरिक विकल्प भी शामिल हैं. जांच टीम ने मल्टी-डोज़ शीशियों और प्री-फिल्ड पेन की बिक्री और उनकी प्रामाणिकता की पड़ताल की.
जांच में सामने आईं कई गंभीर अनियमितताएं
डीसीए द्वारा 43 मेडिकल दुकानों के निरीक्षण के दौरान कई नियमों के उल्लंघन पाए गए. मुख्य रूप से ये खामियां सामने आईं:
-
विशेषज्ञ डॉक्टरों की पर्ची (Prescription) के बिना वजन घटाने की दवाओं की बिक्री.
-
ग्राहकों को बिना बिल जारी किए दवाएं बेचना.
-
खरीद और बिक्री के अनिवार्य रिकॉर्ड और प्रिस्क्रिप्शन रजिस्टर का रख-रखाव न करना.
-
पंजीकृत फार्मासिस्ट (Registered Pharmacist) की अनुपस्थिति में दवाओं का वितरण.
इन सभी दोषी मेडिकल स्टोर्स को 'औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940' के तहत कारण बताओ नोटिस (Show-Cause Notice) जारी किया गया है. संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
स्वास्थ्य विभाग की जनता के लिए जरूरी सलाह
बाजार में इन दवाओं की बढ़ती मांग और ऑनलाइन व अनधिकृत माध्यमों से नकली दवाओं की बिक्री की आशंका को देखते हुए डीसीए ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है.
विभाग ने नागरिकों को स्पष्ट हिदायत दी है कि वे बिना योग्य विशेषज्ञ (जैसे एंडोक्रिनोलॉजिस्ट, इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ या कार्डियोलॉजिस्ट) की सलाह के खुद से (Self-medication) इन दवाओं का सेवन न करें. साथ ही, किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या असत्यापित विक्रेताओं से ये दवाएं न खरीदने की चेतावनी दी गई है.