देश

Share Market Today: शेयर बाजार में आई जबदस्त तेजी, सेंसेक्स 71900 और निफ्टी 21500 के पार

बीएसई का 30 शेयर वाला सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 475.88 अंक चढ़कर 71,913.07 पर पहुंच गया, जो इसका सर्वकालिक उच्चस्तर है.

Share Market Today: शेयर बाजार में आई जबदस्त तेजी, सेंसेक्स 71900 और निफ्टी 21500 के पार
Bombay Stock Exchange | PTI

मुंबई, 20 दिसंबर:  शेयर बाजार में आज यानी बुधवार को नया ऑल टाइम हाई बनाया है. भारतीय शेयर बाजार में आज फिर से तूफानी तेजी देखने को मिली. वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख तथा आईटी कंपनियों और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लिवाली से बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी अपने नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गए. बीएसई का 30 शेयर वाला सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 475.88 अंक चढ़कर 71,913.07 पर पहुंच गया, जो इसका सर्वकालिक उच्चस्तर है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 138.8 अंक बढ़कर 21,591.90 अंक के अपने नए सर्वकालिक उच्चस्तर पर कारोबार कर रहा था.

सेंसेक्स की कंपनियों में विप्रो, इन्फोसिस, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर लाभ में थे. वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, एक्सिस बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर नुकसान में थे.

अन्य एशियाई बाजारों में जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में था. अमेरिकी बाजार मंगलवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.15 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 601.52 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 20, 2023 10:14 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).