महाराष्ट्र के सांगली में 'शोले' स्टाइल ड्रामा: प्रेमिका से शादी की हां कहलवाने मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल
युवक ने मोबाइल टावर से ही पुलिस हेल्पलाइन '112' पर कॉल कर अपनी स्थिति की जानकारी दी. उसने चेतावनी दी कि अगर उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया गया और उसने विवाह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया, तो वह नीचे नहीं आएगा.
Sangli Sholay-Style Drama: महाराष्ट्र के सांगली जिले में प्यार के इजहार का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जिले के कुपवाड़ इलाके में एक 22 वर्षीय युवक अपनी प्रेमिका से शादी के लिए सहमति पाने की जिद में एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक का कहना था कि जब तक उसकी गर्लफ्रेंड मौके पर आकर प्रपोजल स्वीकार नहीं करती, वह नीचे नहीं उतरेगा. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो रहा है.
250 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक
घटना सांगली के कुपवाड़ औद्योगिक क्षेत्र की है. स्थानीय लोगों के अनुसार, अजय जाधव नाम का युवक अचानक इलाके में स्थित लगभग 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर के शीर्ष पर जा पहुंचा. शुरुआत में आसपास के लोगों को उसकी मंशा समझ नहीं आई, लेकिन जब उसने नीचे उतरने से इनकार करते हुए अपनी मांगें रखीं, तो सभी हैरान रह गए. यह भी पढ़े: न्नौज में 'शोले' स्टाइल ड्रामा का खौफनाक अंत: शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, नीचे गिरने से मौत (Watch Video)
शोले' स्टाइल में ड्रामा
युवक ने मोबाइल टावर से ही पुलिस हेल्पलाइन '112' पर कॉल कर अपनी स्थिति की जानकारी दी. उसने चेतावनी दी कि अगर उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया गया और उसने विवाह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया, तो वह नीचे नहीं आएगा.
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम
घटना की सूचना मिलते ही कुपवाड़ इंडस्ट्रियल पुलिस स्टेशन की टीम, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाओं के साथ मौके पर पहुंची. देखते ही देखते टावर के आसपास स्थानीय निवासियों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई.
पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर और फोन कॉल के माध्यम से युवक से संपर्क साधा. करीब एक घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान अधिकारियों ने युवक को समझाया कि इस तरह टावर पर चढ़ना जानलेवा साबित हो सकता है.
वीडियो कॉल से हुई बातचीत, सुरक्षित उतारा गया
कुपवाड़ पुलिस टीम के वरिष्ठ अधिकारियों ने युवक से वीडियो कॉल के जरिए सीधी बात की और उसे आश्वासन दिया कि उसकी बात को शांत माहौल में सुना जाएगा. पुलिस के लगातार समझाने और सुरक्षा का आश्वासन देने के बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ.
युवक के सुरक्षित नीचे आते ही पुलिस, दमकल विभाग और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 09, 2026 10:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

