Salman khan Death Threat: सलमान खान को फिर मिली लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी, जांच में जुटी पुलिस
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिली है. यह धमकी मुंबई के ट्रैफिक कंट्रोल रूम में भेजी गई, जिसमें एक गाने का जिक्र किया गया है.
Salman khan Death Threat: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकी मिली है. यह धमकी मुंबई के ट्रैफिक कंट्रोल रूम में भेजी गई, जिसमें एक गाने का जिक्र किया गया है. बताया गया कि इस गाने में सलमान खान और कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई दोनों को जोड़ा गया है. धमकी देने वाले ने कहा कि गाना लिखने वाले को जल्द ही गंभीर परिणाम भुगतने होंगे और वो अब और गाने नहीं लिख पाएंगे. इस संदेश में सलमान खान को खुली चुनौती भी दी गई कि अगर उनमें हिम्मत है, तो वो गाने के लेखक को बचाकर दिखाएं.
यह धमकी उसी सिलसिले का हिस्सा है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लोग पहले भी सलमान खान को धमकियां देते आए हैं.
दरअसल, 1998 के काले हिरण शिकार मामले के चलते बिश्नोई और उसके सहयोगियों ने सलमान को लगातार निशाना बनाया है. इस मामले में बिश्नोई ने पहले भी सार्वजनिक रूप से अभिनेता के खिलाफ बयान दिए थे और उनके ऊपर हमला करने की धमकियां दी थीं. उधर, मुंबई पुलिस फिलहाल एक और मामले की भी जांच कर रही है, जिसमें अभिनेता शाहरुख खान को 50 लाख रुपये की रंगदारी देने की मांग के साथ जान से मारने की धमकी दी गई है.
यह कॉल बांद्रा पुलिस को की गई थी और इसका पता रायपुर स्थित वकील फैजान खान के फोन से लगाया गया. फैजान का कहना है कि उनका फोन 2 नवंबर को चोरी हो गया था और उन्हें किसी साजिश का शक है. पुलिस ने दोनों ही मामलों को गंभीरता से लिया है और जांच में जुटी हुई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 08, 2024 09:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

