Republic Day 2021: उप्र विधान भवन पर राज्यपाल ने किया ध्वजारोहण
कोरोना संकट के बीच देश मंगलवार को अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। यूपी में गणतंत्र दिवस के मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधान भवन प्रांगण में ध्वजारोहण किया और उन्होंने परेड की सलामी ली.
लखनऊ, 26 जनवरी : कोरोना संकट के बीच देश मंगलवार को अपना 72वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. यूपी में गणतंत्र दिवस के मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधान भवन प्रांगण में ध्वजारोहण किया और उन्होंने परेड की सलामी ली. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी भी समारोह में मौजूद रहे. इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी तथा अधिकारियों के साथ अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण किया. लखनऊ में मुख्य समारोह विधान भवन के सामने आयोजित किया गया.
विधानसभा मार्ग को गणतंत्र दिवस पर शानदार ढंग से सजाया गया है. विधान भवन के ऊपर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जा रही है. 26 जनवरी की भीड़ को देखते हुए विधानसभा रोड बंद की गई है. चारबाग से विधानसभा मार्ग तथा हजरतगंज होकर बेगम हजरत महल पार्क तक निकलने वाली परेड में इस बार भी सेना की ताकत की झलक दिख रही है. टैंक पर सवार जवान सलामी दे रहे हैं. सेना, अर्धसैनिक बल, पीएसी, पुलिस, होमगार्ड तथा एनसीसी के छात्र-छात्राओं के साथ स्कूली बच्चे परेड में 'ऐ वतन-वतन मेरे आबाद रहे तू, मैं जहां रहूं, जहां में याद रहे तू. सारे जहां से अच्छा हिंदोस्ता हमारा और कदम-कदम बढ़ाए जा' जैसे गीतों की धुनों पर कदम से कदम मिलाकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया. यह भी पढ़ें : Republic Day 2021: बीजेपी अध्यक्ष नड्डा ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं
इस दौरान संक्रमण सुरक्षा के साथ मास्क लगाए जवान कदम ताल करते विधानभवन के सामने से गुजरे. छात्राओं और छात्रों ने विधानभवन के सामने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समा बांधा. दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाले युद्धक टैंक टी-90 भीष्म, आर्मर्ड रिकवरी व्हीकल, आइसीवीबीएमपी-2 की गडगड़ाहट भी सुनाई दे रही है. शौर्य चक्र से सम्मानित परेड कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रशांत सिंह चंडावत की अगुवाई में सेना के जवान तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं. परेड में शामिल सेना के नेटवर्क ऑपरेशन सेंटर, इंटिग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल मल्टी-परपज प्लेटफार्म, एकीकृत संचार वाहन ने सेना व इंटेलिजेंस की खुफिया ताकत का अहसास कराया. यह भी पढ़ें : Republic Day 2021: देश मना रहा 72वां गणतंत्र दिवस, पीएम मोदी, अमित शाह ने देशवासियों को दी बधाई
सेना की राजपूत रेजीमेंट, 16 जाट रेजीमेंट, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की महिला और पुरुष जवान, पीएसी, एसएसबी के जवान, यूपी पुलिस की महिला और पुरुष टुकड़ी, एनसीसी कैडेट, सैनिक स्कूल के बच्चे बैंड और पाइप पर बज रहे देश भक्ति के गीतों की धुन पर कदमताल करते हुए रवींद्रालय से राणा प्रताप चौराहा, हुसैनगंज और रॉयल होटल चौराहा होते हुए विधानभवन के सामने से हजरतगंज महात्मा गांधी मार्ग के रास्ते केडी सिंह स्टेडियम से बेगम हजरत महल पार्क तक गये. परेड में उत्तर प्रदेश पुलिस का श्वान दल भी शामिल है. इसके साथ ही दमकल विभाग के जवानों ने भी दम दिखाया. दमकल के जवान और अधिकारी अत्याधुनिक वाहनों के साथ परेड में शामिल हुए और लोगों को अग्नि सुरक्षा की जानकारी दी. परेड में शामिल यूपी होमगार्ड के अधिकारी और जवान इस बार डांगरी (एक तरह की पोशाक) में नजर आए. यह नई ड्रेस विभाग के डीजी ने निर्धारित की है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 26, 2021 03:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

