फिल्म ‘सरकार’ के दृश्य काटने की मांग से भड़के रजनीकांत, AIADMK को सुनाई खरी-खरी
तमिल सुपरस्टार रजनीकांत ने अभिनेता विजय की हाल में रिलीज एक फिल्म के कुछ दृश्यों पर सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक (AIADMK) के आपत्ति जताने पर कड़ा ऐतराज जताया है.
चेन्नई: तमिल सुपरस्टार रजनीकांत ने अभिनेता विजय की हाल में रिलीज एक फिल्म के कुछ दृश्यों पर सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक (AIADMK) के आपत्ति जताने पर कड़ा ऐतराज जताया है.
उन्होंने ‘सरकार’ नाम की इस फिल्म को सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बावजूद ऐसा करने पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह दृश्यों को हटाने की मांग की ‘कड़ी निंदा’ करते है.
रजनीकांत ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सेंसर बोर्ड की हरी झंडी के बाद भी कुछ दृश्यों को हटाने की मांग को लेकर विरोध करना और फिल्म के प्रदर्शन में बाधा डालना कानून सम्मत नहीं हैं.’’
उन्होंने कहा , ‘‘मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं.’’
उद्योग जगत ने गुरूवार को कहा कि ‘सरकार’ फिल्म के निर्माता ‘‘आपत्तिजनक’’ दृश्यों को हटाने और दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता के संदर्भ को ‘मूक’ करने पर सहमत हो गए हैं.
अन्नाद्रमुक के कुछ वरिष्ठ मंत्री फिल्म के कुछ दृश्यों को लेकर नाराज हैं. उनकी मांग है कि विवादित दृश्यों को हटाया जाए. उन्होंने यह भी धमकी दी कि अगर फिल्म निर्माता ऐसा नहीं करते हैं तो वे कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं.
कानून मंत्री सी वी षणमुगम ने कहा कि कुछ दृश्यों की वजह से हिंसा भड़क सकती है और इसे रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे.
सिनेमाघर मालिकों के एक संगठन ने ऐलान किया है कि शुक्रवार दोपहर से संपादित फिल्म दिखाई जायेगी.
इस फिल्म से जुड़े सूत्रों ने कहा कि ‘समझौते’ पर सहमति बन गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 09, 2018 12:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

