Rajasthan Bandh Against Sukhdev Singh Murder: सुखदेव गोगामेड़ी हत्याकांड के विरोध में राजस्थान बंद, पूरे राज्य में हो रहा विरोध प्रदर्शन
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मंगलवार को जयपुर में हत्या के बाद पूरे राजस्थान में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. चूरू में गोगामेड़ी के समर्थकों ने बस पर पथराव किया और सड़क भी जाम कर दी. पथराव के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई.
जयपुर, 5 दिसंबर: राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मंगलवार को जयपुर में हत्या के बाद पूरे राजस्थान में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. चूरू में गोगामेड़ी के समर्थकों ने बस पर पथराव किया और सड़क भी जाम कर दी. पथराव के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई.
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद जयपुर में गोगामेड़ी के समर्थक गुस्से में हैं, हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. इस बीच राजपूत करणी सेना समेत कुछ अन्य संगठनों ने बुधवार को राजस्थान बंद का ऐलान किया है. संगठनों की मांग है कि इस मामले में न्यायिक जांच हो. Sukhdev Singh Gogamedi Murder Disturbing Video: सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या का वीडियो आया सामने, हमलावरों ने तड़ातड़ चलाई गोलियां
जयपुर में भी मेट्रो मास हॉस्पिटल के बाहर सड़क जाम कर दी गई. राजसमंद के कुंभलगढ़ में बाजार बंद रहा. चूरू के सादुलपुर में लोग सड़कों पर उतर आए. सादुलपुर से सिधमुख जाने वाला मुख्य मार्ग गांव चैनपुरा बड़ा में अवरुद्ध हो गया. इसके साथ ही कुछ लोगों ने हनुमानगढ़ डिपो की सादुलपुर आ रही रोडवेज बस पर भी पथराव कर दिया.
जब पथराव हुआ तो बस में 25-30 यात्री सवार थे और वे अपना सामान बस में ही छोड़कर भाग गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन अभी तक रास्ता नहीं खुल सका है.
बड़ी संख्या में गोगामेड़ी के समर्थक जयपुर के मानसरोवर इलाके में मेट्रो मास हॉस्पिटल पहुंचे, जहां हमले के बाद उन्हें ले जाया गया था. उन्होंने वहां सड़क जाम कर दी और टायर जलाए. पुलिस की ओर से उन्हें वहां से हटने के लिए मनाने की कोशिश की गई, लेकिन वे नहीं माने.
देर शाम तक समर्थक अस्पताल के बाहर जमा रहे और विरोध में नारेबाजी करते रहे. राजसमंद के कुंभलगढ़ में भी व्यापारी समिति ने दुकानें बंद कर विरोध जताया. उन्होंने जिम्मेदार अपराधियों को गिरफ्तार करने की भी मांग की.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 05, 2023 11:33 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

