Pune E-Scooter Fire: पुणे के पिंपरी-चिंचवाड़ में चार्जिंग के दौरान दो ई-बाइक में लगी आग, दो मंजिला मकान को नुकसान; एक व्यक्ति घायल; VIDEO
महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवाड़ स्थित वाल्हेकरवाड़ी में चार्जिंग के दौरान दो इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में भीषण आग लग गई. आग की लपटें पास की दो मंजिला इमारत तक फैल गईं, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया और मकान को नुकसान पहुंचा है.
Pune E-Scooter Fire: महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ क्षेत्र स्थित वाल्हेकरवाड़ी के दगडोबा चौक पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया. ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग के लिए खड़ी दो इलेक्ट्रिक दुपहिया गाड़ियों (ई-बाइक) में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों ई-स्कूटर पूरी तरह जलकर खाक हो गए और उसकी लपटें पास की दो मंजिला रिहायशी इमारत तक पहुंच गईं.
आग की लपटों की चपेट में आई इमारत
अग्निशमन विभाग के अनुसार, सुबह लगभग 7:18 बजे नियंत्रण कक्ष को वाल्हेकरवाड़ी में आग लगने की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी ई-बाइक से उठी भीषण लपटों और धुएं ने इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. इस दौरान घर से बाहर निकलने की कोशिश में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.
चार्जिंग के दौरान दो ई-बाइक में लगी आग
शॉर्ट सर्किट या थर्मल रनअवे की आशंका
प्राथमिक जांच के मुताबिक, रातभर चार्जिंग पर लगे रहने के कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने या ओवरहीटिंग (थर्मल रनअवे) की वजह से यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है. अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और इसके सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है.
इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चेतावनी
पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ निकाय क्षेत्रों में ई-वाहनों में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी कई बार चार्जिंग और बैटरी से जुड़े हादसे दर्ज किए जा चुके हैं. सुरक्षा अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे इलेक्ट्रिक वाहनों को रातभर चार्जिंग पर न छोड़ें, मानकों के अनुरूप ही चार्जिंग सेटअप का इस्तेमाल करें और केवल प्रामाणिक स्पेयर पार्ट्स का प्रयोग करें ताकि इस प्रकार के गंभीर हादसों से बचा जा सके.