Pune E-Bike Taxi Service: पुणे में जल्द दौड़ सकती हैं उबर और रैपिडो की ई-बाइक टैक्सियां, RTO को भेजा आवेदन; जानें कब मिलेगी मंजूरी

महाराष्ट्र परिवहन विभाग की नई नीति के बाद उबर और रैपिडो पुणे में अपनी ई-बाइक टैक्सी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में हैं. हालांकि, सेवा शुरू करने से पहले दोनों कंपनियों को RTO और राज्य परिवहन प्राधिकरण (STA) की मंजूरी का इंतजार करना होगा. इसके लिए विस्तृत जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

Pune E-Bike Taxi Service

Pune E-Bike Taxi Service: पुणे में जल्द ही ऐप आधारित ई-बाइक टैक्सी सेवा शुरू हो सकती है. राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म उबर (Uber) और रैपिडो (Rapido) ने शहर में ई-बाइक टैक्सी सेवा शुरू करने की अनुमति के लिए पुणे क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में औपचारिक आवेदन जमा कर दिया है. यह कदम महाराष्ट्र सरकार की नई एग्रीगेटर नीति लागू होने के बाद उठाया गया है, जिसके तहत यात्री परिवहन सेवाएं देने वाली कंपनियों के लिए नए नियम तय किए गए हैं. यह भी पढ़ें: Mumbai Auto-Taxi Fare Hike: मुंबई वालों को महंगाई का एक और झटका, 1 सितंबर से बढ़ेगा ऑटो-टैक्सी का किराया

महाराष्ट्र परिवहन विभाग की नई नीति के बाद उबर और रैपिडो पुणे में अपनी ई-बाइक टैक्सी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में हैं. हालांकि, सेवा शुरू करने से पहले दोनों कंपनियों को RTO और राज्य परिवहन प्राधिकरण (STA) की मंजूरी का इंतजार करना होगा. इसके लिए विस्तृत जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

RTO करेगी सुरक्षा और तकनीकी जांच

पुणे की क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अर्चना गायकवाड़ ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद एक विशेष RTO टीम गठित की जाएगी. यह टीम ई-बाइकों की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी स्थिति, जरूरी परमिट और अन्य दस्तावेजों की जांच करेगी. इसके अलावा कंपनियों के स्थानीय कार्यालयों का भी निरीक्षण किया जाएगा.

जांच रिपोर्ट के बाद STA लेगा अंतिम फैसला

RTO द्वारा सभी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट राज्य परिवहन प्राधिकरण (STA) को भेजी जाएगी. इसी रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि उबर और रैपिडो को पुणे में ई-बाइक टैक्सी सेवा शुरू करने की अनुमति दी जाए या नहीं.

यात्रियों की सुविधा के लिए खुलेंगे स्थानीय कार्यालय

यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने और सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए उबर और रैपिडो पुणे में अपने फिजिकल ऑफिस भी खोलने की तैयारी कर रहे हैं. इससे यात्रियों को ऑनलाइन सहायता के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी मदद मिल सकेगी.

नई एग्रीगेटर नीति के बाद बढ़ी उम्मीदें

महाराष्ट्र सरकार की नई एग्रीगेटर नीति का उद्देश्य ऐप आधारित परिवहन सेवाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है. यदि उबर और रैपिडो को मंजूरी मिल जाती है, तो पुणे के यात्रियों को कम लागत और पर्यावरण के अनुकूल ई-बाइक टैक्सी सेवा का नया विकल्प मिलेगा.

Share Now