देश

लोकसभा चुनाव 2019: मां से आशीर्वाद लेकर पीएम मोदी ने अहमदाबाद के रानिप बूथ पर डाला वोट, बीजेपी की जीत के लिए भरी हुंकार

तीसरे चरण के मतदान के लिए पीएम नरेंद्र मोदी में मंगलवार को गुजरात पहुंचे. पीएम गांधीनगर लोकसभा सीट के रानिप बूथ पर मतदान किया. प्रधानमंत्री खुली जीप में सवार होकर पोलिंग बूथ तक वोट डालने पहुंचे जहां बीजेपी के अध्यक्ष अमित शाह ने उनका स्वागत किया.

लोकसभा चुनाव 2019: मां से आशीर्वाद लेकर पीएम मोदी ने अहमदाबाद के रानिप बूथ पर डाला वोट, बीजेपी की जीत के लिए भरी हुंकार
पीएम मोदी ने दिया वोट (Photo Credit- ANI)

लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) का आज तीसरा चरण (Third Phase) है, जिसमें सबसे ज्यादा 117 सीटों के लिए लोग मतदान कर रहे हैं. तीसरे चरण के मतदान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) मंगलवार को गुजरात पहुंचे. पीएम अहमदाबाद  लोकसभा सीट के रानिप (Ranip) बूथ पर मतदान किया. प्रधानमंत्री खुली जीप में सवार होकर पोलिंग बूथ तक वोट डालने पहुंचे जहां बीजेपी के अध्यक्ष अमित शाह ने उनका स्वागत किया.

वोटिंग से पहले पीएम मां हीराबेन (Heeraben Modi) का आशीर्वाद लेने के लिए उनके गांधीनगर स्थित आवास पर पहुंचे. यहां उन्होंने मां से मुलाकात की. मां के पैर छू कर उन्होंने आशीर्वाद लिया. इस दौरान पीएम मोदी ने मां को मिठाई खिलाई. उनकी मां हीराबेन ने उन्हें कुछ गिफ्ट भी दिया.

वोट डालने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरे देश में तीसरे चरण का मतदान हो रहा है, मेरा सौभाग्य है कि मुझे भी आज मेरा कर्तव्य निभाने का मौका मिला, ये मेरे लिए गौरवपूर्ण पल है कि मेरे गृह राज्य गुजरात में वोट दिया, जैसे कुंभ में स्नान कर आनंद मिलता है वैसे ही वोट डालकर आनंद मिलता है. पीएम मोदी ने कहा जो पहली बार जो वोट दे रहे हैं ये सदी उनकी ही सदी है, इसलिए नए मतदाताओं को वह विशेष आग्रह करेंगे कि वे सभी 100 फीसदी मतदान करें.

यह भी पढ़ें- गांधीनगर लोकसभा सीट: लालकृष्ण अडवाणी की पारंपरिक सीट से इस बार अमित शाह आजमा रहे हैं अपनी किस्मत

इस बार बीजेपी की परीक्षा उसका गढ़ रहे गुजरात में होगी जहां प्रदेश की सभी 26 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा. इसके अलावा, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी बीजेपी की परीक्षा होगी जहां पिछले लोकसभा चुनाव 2014 में पार्टी का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था.

बीजेपी ने इस चरण में मतदान वाली सीटों पर 2014 में गुजरात की सभी 26 सीटों, कर्नाटक की 14 में से 11 सीटों और उत्तर प्रदेश की 10 सीटों में से आठ पर, छत्तीसगढ़ की सात में से छह सीटों पर, महाराष्ट्र की 14 में से छह सीटों पर, गोवा की दोनों सीटों पर और असम, बिहार, दादर नागर हवेली और दमन-दीव की एक-एक सीटों पर जीत हासिल की थी.

बीजेपी के गढ़ में कड़ा मुकाबला 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गृह राज्य होने के कारण बीजेपी इस बार भी गुजरात की सभी सीटों पर जीत हासिल करने की उम्मीद लगाए बैठी है. लेकिन, कांग्रेस ने 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में बीजेपी को कड़ी चुनौती थी, इसलिए कांग्रेस भी 10 से 15 सीटों पर इस बार जीत की उम्मीद कर रही है.

गुजरात के तीन युवा नेता हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर और जिग्नेश मेवाणी ने विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की पकड़ मजबूत बनाने में मदद की थी, लेकिन इस बार वे चुनाव की दौड़ में शामिल नहीं हैं. पाटीदार नेता पटेल पिछले महीने कांग्रेस में शामिल हुए, लेकिन दंगा से संबंधित मामले में अभियुक्त होने के कारण वे चुनाव नहीं लड़ पाए, जबकि ठाकोर ने इसी महीने कांग्रेस का दामन छोड़ दिया.

बता दें कि सात चरणों में से सबसे बड़े इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं. तीसरे चरण में बीजेपी और कांग्रेस, दोनों दलों के प्रमुख चुनाव मैदान में हैं. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पहली बार लोकसभा चुनाव में उतर हैं. वह गांधीनगर से पार्टी के प्रत्याशी हैं, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस चरण में केरल के वायनाड संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2019 08:39 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).