PM Modi MP Visit: पीएम मोदी का सागर दौरा आज, MP को देगें 4 हजार करोड़ रुपये की सौगात
पीएम मोदी आज में MP में 4000 करोड़ की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे. प्रधानमंत्री संत रविदास के स्मारक का शिलान्यास करने के अलावा दो सड़क परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 12 अगस्त को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री करीब 4000 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क क्षेत्र की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे. इसी क्रम में प्रधानमंत्री संत शिरोमणि गुरुदेव श्री रविदास के स्मारक का शिलान्यास करने के अलावा 1580 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित होने वाली दो सड़क परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे.
.
इसके अलावा पीएम मोदी कोटा-बीना रेल मार्ग के दोहरीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. 2,475 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित लागत से निर्मित यह परियोजना, राजस्थान के कोटा और बारां जिले तथा मध्य प्रदेश के गुना, अशोकनगर और सागर जिलों से होकर गुजरती है. अतिरिक्त रेल लाइन बेहतर परिवहन के लिए क्षमता में वृद्धि करेगी और इस मार्ग पर ट्रेन की गति में सुधार करने में भी मदद करेगी.
संत शिरोमणि गुरुदेव श्री रविदास जी स्मारक की रखेंगे आधारशिला
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अगस्त को दोपहर करीब 2:15 बजे मध्य प्रदेश के सागर जिले में पहुंचेंगे, जहां वे संत शिरोमणि गुरुदेव श्री रविदास जी स्मारक स्थल पर भूमि पूजन करेंगे. दोपहर करीब 3:15 बजे प्रधानमंत्री ढाना में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वह संत शिरोमणि गुरुदेव श्री रविदास जी स्मारक की आधारशिला रखेंगे.
100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार होगा स्मारक
बयान में कहा गया है कि प्रमुख संतों एवं समाज सुधारकों का सम्मान करना प्रधानमंत्री के कार्यों की विशेष पहचान रही है. उनके दृष्टिकोण से प्रेरित होकर, संत शिरोमणि गुरुदेव श्री रविदास जी स्मारक का निर्माण 11.25 एकड़ से अधिक क्षेत्र में और 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा. भव्य स्मारक में संत शिरोमणि गुरुदेव श्री रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को प्रदर्शित करने के लिए एक प्रभावशाली कला संग्रहालय और गैलरी होगी. इसमें स्मारक पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भक्त निवास, भोजनालय आदि सुविधाएं भी होंगी.
दो सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास
वहीं प्रधानमंत्री 1580 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से जिन दो सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे उनमें मोरीकोरी-विदिशा-हिनोतिया को जोड़ने वाली एक चार-लेन सड़क परियोजना और एक सड़क परियोजना शामिल है, जो हिनोतिया को मेहलुवा से जोड़ेने का कार्य करेगी. इससे इस क्षेत्र में ट्रांसपोर्टेशन के साथ-साथ व्यापार और रोजगार में भी वृद्धि होगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 12, 2023 11:11 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

