ओडिशा: BJD विधायक सरोज कुमार मेहर ने PWD इंजीनियर से कराई उठक-बैठक, वीडियो वायरल होने के बाद मांगी माफी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सरोज कुमार मेहर इंजीनियर को फटकार लगाते हुए और उसे बीच सड़क पर 100 बार उठक-बैठक करने के लिए कहते हुए नजर आ रहे हैं.
ओडिशा (Odisha) में पीडब्ल्यूडी के एक जूनियर इंजीनियर को सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (BJD) के नवनिर्वाचित विधायक सरोज कुमार मेहर (Saroj Kumar Meher) द्वारा कथित रूप से जबरन उठक-बैठक कराने का एक वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल होने के बाद उन्होंने अपनी इस हरकत के लिए गुरुवार को माफी मांगी. पटनागढ़ (Patnagarh) से विधायक सरोज कुमार मेहर ने दावा किया कि उन्होंने लोगों के गुस्से को शांत करने के लिए यह कदम उठाया था. इस बीच, इंजीनियर की पत्नी ने सरोज कुमार मेहर के खिलाफ पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज कराई है. सरोज कुमार मेहर ने बोलंगीर में संवाददाताओं से कहा, ‘मुझे इस घटना के लिए खेद है. लेकिन, मुझे जन आक्रोश के मद्देनजर इंजीनियर को उठक-बैठक करने के लिए कहने को मजबूर होना पड़ा. सड़क निर्माण की खराब गुणवत्ता होने को लेकर लोग नाराज थे और अगर मैंने उन्हें उठक-बैठक करने के लिए नहीं कहा होता तो वे लोग इंजीनियर को नुकसान पहुंचा सकते थे.’
उन्होंने कहा, ‘स्थिति मेरे नियंत्रण में नहीं थी क्योंकि गुस्साए लोग दोषी इंजीनियर के लिए सजा की मांग कर रहे थे.' जिलाधिकारी अरिंदम डाकुआ ने संवाददाताओं से कहा कि इस मामले में पटनागढ़ के उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा, ‘मैंने इस घटना पर पटनागढ़ के उपजिलाधिकारी से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है. उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर ही कोई कार्रवाई की जाएगी.’ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सरोज कुमार मेहर इंजीनियर को फटकार लगाते हुए और उसे बीच सड़क पर 100 बार उठक-बैठक करने के लिए कहते हुए नजर आ रहे हैं. यह भी पढ़ें-
देखें वीडियो-
#WATCH Odisha: Saroj Kumar Meher, BJD MLA from Patnagarh forces a PWD engineer to do sit ups in public in Belpada, Bolangir. (5.6.19) pic.twitter.com/ZYYmKoY5bh
— ANI (@ANI) June 7, 2019
Saroj Kumar Meher, BJD MLA from Patnagarh: When we went to the construction site & tested the quality of the road, we found it unsatisfactory. It brew resentment among locals against the engineer & they asked me to give him punishment. I'm saddened by what I did. (5.6.19) pic.twitter.com/IPbZTM2NfD
— ANI (@ANI) June 7, 2019
सरोज कुमार मेहर ने इंजीनियर को भीड़ द्वारा पिटवाने की भी धमकी दी जिसके बाद वह सड़क पर उठक-बैठक करते हुए नजर आ रहा है. इस बीच, कार्यकारी इंजीनियर एल. एन. मिश्रा ने कहा, ‘हम शिकायतों पर गौर करेंगे और यदि निर्माण की गुणवत्ता को लेकर कोई चिंता सामने आयगी तो जरूरी सुधार किये जाएंगे.’ फिलहाल, मेहर टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं हो पाए हैं लेकिन विपक्षी बीजेपी और कांग्रेस ने बीजेडी विधायक की इस हरकत की आलोचना की है.
भाषा इनपुट
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 07, 2019 09:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

