देश

लोकसभा चुनाव 2019: बिहार की शिवहर सीट पर रमा देवी को हैट्रिक लगा पाने से रोक पाएंगे सैयद फैजल अली?

शिवहर लोकसभा सीट पर छठे चरण में 12 मई को वोट डाले जाएंगे.

लोकसभा चुनाव 2019: बिहार की शिवहर सीट पर रमा देवी को हैट्रिक लगा पाने से रोक पाएंगे सैयद फैजल अली?
रमा देवी और सैयद फैजल अली (Photo Credits: Twitter)

बिहार (Bihar) में लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के छठे चरण में जिन आठ सीटों पर मतदान होना है उनमें शिवहर (Sheohar) संसदीय सीट शामिल है. शिवहर सीट पर इस बार मुकाबला नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (NDA) और महागठबंधन के बीच होगा. एनडीए की तरफ से शिवहर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार और वर्तमान सांसद रमा देवी (Rama Devi) फिर से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं तो वहीं, महागठबंधन की तरफ से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रत्याशी सैयद फैजल अली (Syed Faisal Ali) चुनावी मैदान में होंगे. इन दोनों के अलावा कई निर्दलीय भी शिवहर सीट पर अपना भाग्य आजमा रहे हैं.

साल 2014 के लोकसभा चुनाव में शिवहर सीट पर बीजेपी की रमा देवी ने जीत हासिल की थी. रमा देवी ने 2014 के चुनाव में आरजेडी के मोहम्मद अनवारुल हक को शिकस्त दी थी. बता दें कि आरजेडी से नाराज चल रहे लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने शिवहर से अंगेश सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया था. अंगेश ने लालू-राबड़ी मोर्चा के प्रत्याशी के रूप में नामांकन भी दाखिल किया, लेकिन तकनीकी कारणों से उनका नामांकन रद्द हो गया वरना इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता था. लेकिन अंगेश का नामांकन रद्द होने के चलते लड़ाई अब आमने-सामने की है. यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2019: लालू प्रसाद यादव के गृह जिले गोपालगंज में आलोक सुमन और सुरेंद्र राम के बीच होगी कड़ी टक्कर

गौरतलब है कि सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल से शुरू हो गए हैं. देशभर की 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को पहले चरण का मतदान हुआ. दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल को हुआ, तीसरे चरण का चुनाव 23 अप्रैल को हुआ, चौथे चरण का मतदान 29 अप्रैल को हुआ, पांचवें चरण का चुनाव छह मई को हुआ, छठे चरण का मतदान 12 मई और सातवें व अंतिम चरण का मतदान 19 मई को होगा. मतगणना 23 मई को होगी.

(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2019 03:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).