लोकसभा चुनाव 2019: बिहार की झंझारपुर सीट पर RJD के गुलाब यादव और JDU के रामप्रीत मंडल में से कौन मारेगी बाजी?
झंझारपुर लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है.
बिहार (Bihar) में लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के लिए तीसरे चरण यानी 23 अप्रैल को जिन सीटों पर वोटिंग होनी है उनमें झंझारपुर (Jhanjharpur), खगड़िया, सुपौल, अररिया और मधेपुरा शामिल हैं. झंझारपुर लोकसभा सीट की बात करें तो इस बार यहां नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (NDA) में शामिल जेडीयू (JDU) ने रामप्रीत मंडल को मैदान में उतारा है तो वहीं, महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने गुलाब यादव को उम्मीदवार बनाया है. इनके अलावा समाजवादी जनता दल (डेमोक्रेटिक) से देवेंद्र प्रसाद यादव, बहुजन समाज पार्टी (BSP) से राजकुमार सिंह और कई निर्दलीय भी चुनाव मैदान में हैं.
पिछले लोकसभा चुनाव यानी साल 2014 में झंझारपुर सीट पर बीजेपी के वीरेंद्र कुमार चौधरी ने जीत दर्ज की थी. उन्होंने आरजेडी के मंगनी लाल मंडल को शिकस्त दी थी. इस चुनाव में रामप्रीत मंडल और गुलाब यादव के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा था लेकिन समाजवादी जनता दल (डेमोक्रेटिक) के देवेंद्र प्रसाद यादव ने इसे त्रिकोणीय बना दिया है. देवेंद्र प्रसाद यादव की इलाके में पहचान है. वे आरजेडी से सांसद भी रह चुके हैं. कुल मिलाकर वे 5 बार झंझारपुर से सांसद रह चुके हैं. झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं जिनमें खजौली, बाबूबरही, राजनगर, झंझारपुर, फूलपरास और लौकहा शामिल हैं. यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2019: बिहार की खगड़िया सीट पर LJP के महबूब अली कैसर को कड़ी चुनौती दे रहे हैं VIP के मुकेश सहनी
गौरतलब है कि सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल से शुरू हो गए हैं. देशभर की 91 लोकसभा सीटों पर गुरुवार को पहले चरण का मतदान हुआ. दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल, तीसरे चरण का 23 अप्रैल, चौथे चरण का 29 अप्रैल, पांचवे चरण का छह मई, छठे चरण का 12 मई और सातवें व अंतिम चरण का मतदान 19 मई को होगा. मतगणना 23 मई को होगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2019 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

