कर्नाटक का सियासी संकट: सीएम कुमारस्वामी ने कहा- जो येदियुरप्पा ने उस समय झेला था.. वही मैं अब झेल रहे हूं, लेकिन सत्ता जाने का डर नहीं
कर्नाटक में राजनीतिक उठापठक जारी है. गुरुवार को शुरू हुई विश्वास मत की बहस शुक्रवार को भी जारी है. सीएम एचडी कुमारस्वामी ने इस दौरान कहा कि उन्हें सत्ता जाने का डर नहीं है. सीएम कुमारस्वामी ने कहा कि सत्ता के लिए किसी के सामने हाथ नहीं जोड़ेंगे.
कर्नाटक (Karnataka) में राजनीतिक उठापठक जारी है. गुरुवार को शुरू हुई विश्वास मत की बहस शुक्रवार को भी जारी है. गुरुवार को फ्लोर टेस्ट न होने के विरोध में कर्नाटक बीजेपी के प्रमुख बीएस येदियुरप्पा (BS Yeddyurappa) और करीब 100 अन्य बीजेपी विधायकों ने रात धरना देते हुए विधानसभा के अंदर ही बिताई. सूबे के सियासी संकट के बीच शुक्रवार को विधानसभा की कार्यवाही जारी है. इस दौरान विधानसभा स्पीकर रमेश कुमार (Ramesh Kumar) ने कहा कि जो लोग मुझपर सवाल खड़े कर रहे हैं, उन्हें ये ध्यान में रखना चाहिए कि वह निष्पक्ष होकर इस मामले में निर्णय ले सकते हैं.
विधानसभा स्पीकर रमेश कुमार ने कहा कि मैं यहां पर आग पर बैठा हूं, लोग मेरे बारे में गलत बातें कर रहे हैं. मेरे घर पर कोई सुरक्षा नहीं है. जो लोग आज सम्मान के साथ रह रहे हैं, उन्हें मारा जा रहा है. ईमानदार लोग कहां जाएं आखिरकार?
यह भी पढ़ें- कर्नाटक में सियासी ड्रामा: अभी भी मुंबई के अस्पताल में भर्ती हैं कांग्रेस के बागी विधायक श्रीमंत पाटिल
सीएम एचडी कुमारस्वामी (HD Kumaraswamy) ने इस दौरान कहा कि उन्हें सत्ता जाने का डर नहीं है. सीएम कुमारस्वामी ने कहा कि सत्ता के लिए किसी के सामने हाथ नहीं जोड़ेंगे. कुमारस्वामी ने कहा जब 2009 में भी जब नॉर्थ कर्नाटक में बाढ़ आई थी, तो येदियुरप्पा मुश्किल में फंस गए थे. तभी हमने देखा था कि कई विधायक रिजॉर्ट में गए थे और येदियुरप्पा की सरकार संकट में थी. जो येदियुरप्पा ने तब झेला था, वही मैंअब झेल रहा हूं.
कुमारस्वामी ने कहा लेकिन येदियुरप्पा ने उस समय बीजेपी के सामने हाथ जोड़े थे कि उन्हें सीएम पोस्ट से ना हटाया जाए, लेकिन मैं किसी के आगे हाथ नहीं जोड़ूंगा. सीएम ने सदन में कहा कि वह अब भी भगवान से यही सवाल पूछते हैं कि उन्हें ऐसी परिस्थितियों में मुख्यमंत्री क्यों बनाया गया.
इस बीच जेडीएस विधायक श्रीनिवास गौड़ा ने आरोप लगाया है कि बीजेपी नेता योगेश्वर उनके पास 5 करोड़ रुपये लेकर आए थे, लेकिन उन्होंने पैसा लेने से इनकार कर दिया था. उन्होंने वादा किया था कि एक बार मैं उनके साथ आ जाऊंगा तो 30 करोड़ रुपये दिए जाएंगे.
सीएम कुमारस्वामी ने भी सदन में कहा कि मेरे विधायकों को 40-50 करोड़ रुपये ऑफर किए जा रहे हैं. कुमारस्वामी ने कहा कि बीजेपी आज बहस नहीं करना चाहती है, लेकिन बहस जरूरी है. आप सत्ता की कुर्सी ले सकते हैं. सरकार बनाने की कोई जल्दबाजी नहीं है, आप आज भी सरकार बना सकते हैं और सोमवार को भी. इसके साथ ही कुमारस्वामी ने विधानसभा में बीजेपी को ललकारते हुए कहा कि मैं भी देखता हूं कि आप कितने दिनों तक सत्ता में रहेंगे. जिस तरह से आप इतनी कोशिशें कर रहे हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2019 01:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

