देश

हिमाचल प्रदेश: चोरी का मामला दर्ज करा विपक्ष के निशाने पर आईं मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की पत्नी, कांग्रेस ने कहा- जनता सिर्फ 50 हजार नकद रख सकती है तो फिर इनके बैग में ढाई लाख रुपये कहां से आए?

चंडीगढ़ के ब्यूटी पॉर्लर गईं हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की पत्नी रजनी ठाकुर की गाड़ी से चोरों ने ढाई लाख कैश नकदी गायब कर दी. पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराने के बाद अब मंत्री, उनकी पत्नी और भारतीय जनता पार्टी सरकार कांग्रेस के निशाने पर आ गई है.

हिमाचल प्रदेश: चोरी का मामला दर्ज करा विपक्ष के निशाने पर आईं मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की पत्नी, कांग्रेस ने कहा- जनता सिर्फ 50 हजार नकद रख सकती है तो फिर इनके बैग में ढाई लाख रुपये कहां से आए?
भारतीय जनता पार्टी (Photo Credits: IANS)

शिमला: चंडीगढ़ के ब्यूटी पॉर्लर गईं हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर (Govind Singh Thakur) की पत्नी रजनी ठाकुर की गाड़ी से चोरों ने ढाई लाख कैश नकदी गायब कर दी. पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराने के बाद अब मंत्री, उनकी पत्नी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार कांग्रेस के निशाने पर आ गई है. कांग्रेस (Congress) ने सवाल उठाया है कि जब आम जनता सिर्फ 50,000 रुपये नकद रख सकती है तो फिर मंत्री की पत्नी के बैग में ढाई लाख रुपये कहां से आए?

सोशल मीडिया पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं. सूत्र बता रहे हैं कि इस पूरे प्रकरण में किरकिरी होती देख बीजेपी नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लिया है. बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व नेता से उनकी पत्नी के मामले में जवाब तलब कर सकता है. हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) कांग्रेस की वरिष्ठ नेता आशा कुमारी ने बुधवार को यहां संवाददाता सम्मेलन कर कहा, "जब प्रधानमंत्री मोदी डिजिटल ट्रांजैक्शन की बात करते हैं तो फिर एक मंत्री की पत्नी बैग में ढाई लाख रुपये लेकर क्यों चल रही थीं."

यह भी पढ़ें : हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019: BJP प्रत्याशी सोनाली फोगाट ने रैली में भारत माता के नारे नहीं लगाने वालों से पूछा, क्या वे पाकिस्तानी हैं?

बताया जाता है कि मंत्री की पत्नी चंडीगढ़ के ब्यूटी पॉर्लर में मेकअप के लिए गईं थीं. इस बीच बाहर खड़ी गाड़ी में रखे ढाई लाख की नकदी और कुछ जेवरातों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिए. सात अक्टूबर की इस घटना पर जब मंत्री की पत्नी रजनी ठाकुर ने मामला दर्ज कराया तो घटना का खुलासा हुआ. अब कांग्रेस ने इसको लेकर कई सवाल खड़े कर दिए.

आशा कुमारी ने कहा, "जिस गाड़ी (एचपी-66, 0001) से मंत्री की पत्नी चंडीगढ़ में सेक्टर-8 स्थित सैलून में गई थी. वह गाड़ी तो हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कापोर्रेशन के एमडी के नाम दर्ज है. आखिर सरकारी गाड़ी से मंत्री की पत्नी निजी काम यानी ब्यूटी पॉर्लर कैसे जा सकतीं हैं?" आशा कुमारी ने सवाल उठाया कि क्या यह सरकारी वाहन का दुरुपयोग नहीं है.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 10, 2019 02:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).