एजेंसी न्यूज

बलात्कारियों को नपुंसक बनाने वाला कानून लाए मोदी सरकार, कांग्रेस नेता अलका लांबा की मांग

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने बलात्कारियों को नपुंसक बनाने वाले कानून की वकालत की. उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं, विशेषकर लड़कियों के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं और ये अनियंत्रित हो रहे हैं क्योंकि भाजपा से जुड़े ‘‘नेता, मंत्री और सांसद इनमें शामिल हैं.’’

बलात्कारियों को नपुंसक बनाने वाला कानून लाए मोदी सरकार, कांग्रेस नेता अलका लांबा की मांग

ग्वालियर, 1 मार्च: कांग्रेस की महिला शाखा की प्रमुख अलका लांबा ने शुक्रवार को बलात्कारियों को नपुंसक बनाने वाले कानून की वकालत की. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि महिलाओं, विशेषकर लड़कियों के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं और ये अनियंत्रित हो रहे हैं क्योंकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े ‘‘नेता, मंत्री और सांसद इनमें शामिल हैं.’’

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “भाजपा की डबल इंजन सरकारें (केंद्र और राज्य में) उन्हें बचा रही हैं. इन सरकारों को दो से तीन महीने में नाबालिग पीड़ितों से जुड़े बलात्कार के मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक और विशेष अदालतें स्थापित करनी चाहिए.’’

उन्होंने कहा, ‘‘दोषियों को फांसी दी जानी चाहिए. उन्हें नपुंसक बनाने के लिए एक कानून बनाया जाना चाहिए. जब तक अपराधियों में भय पैदा नहीं होगा, अपराध होते रहेंगे. कांग्रेस बलात्कार पीड़ितों को न्याय दिलाने का काम करेगी, जबकि भाजपा महिलाओं के लिए घड़ियाली आंसू बहाती है.’’

लांबा ने दावा किया कि भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई)के पूर्व प्रमुख बृजभूषण सिंह पर कई महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है लेकिन वह खुलेआम घूम रहे हैं जबकि पीड़ित न्याय मांग रहे हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि संदेशखालि के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन बृजभूषण के साथ ‘अति विशिष्ठ व्यक्ति की तरह व्यवहार’ किया जा रहा है. विवादास्पद तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां को पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर हमले के मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस ने 28 फरवरी की रात गिरफ्तार कर लिया है.

तृणमूल नेता पर संदेशखालि के ग्रामीणों ने जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है.

लांबा ने यह भी कहा कि जूनियर एथलेटिक्स कोच से मारपीट के आरोपी पूर्व हॉकी स्टार संदीप सिंह हरियाणा के मंत्री पद पर बने हुए हैं क्योंकि वह भाजपा का हिस्सा हैं.

यह पूछे जाने पर कि भाजपा यह कह रही है कि शनिवार को मध्य प्रदेश में प्रवेश करने वाली राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ विफल हो गई है, लांबा ने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी घबराहट में है. किसानों, बेरोजगारों और महिलाओं का विरोध भाजपा के अहंकार को तोड़ देगा.

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को (आगामी लोकसभा चुनाव में) 400 सीटें नहीं मिलेंगी.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 01, 2024 10:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).