दक्षिण कोरिया के दौरे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने संभाला मोर्चा
नागरिकता संशोधन अधिनियम का विरोध दिल्ली और देश के कई हिस्सों में जारी है, लेकिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस मुद्दे से दूर हैं क्योंकि वह आधिकारिक दौरे पर दक्षिण कोरिया गए हुए हैं. राहुल की गैरमौजूदगी में जामिया विश्वविद्यालय के छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के खिलाफ उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इंडिया गेट पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया.
नागरिकता संशोधन अधिनियम (Citizenship Amendment Bill) का विरोध दिल्ली और देश के कई हिस्सों में जारी है, लेकिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) इस मुद्दे से दूर हैं क्योंकि वह आधिकारिक दौरे पर दक्षिण कोरिया गए हुए हैं. राहुल की गैरमौजूदगी में जामिया मिलिया इस्लामिया (Jamia Millia Islamia) विश्वविद्यालय के छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के खिलाफ उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इंडिया गेट पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया.
कांग्रेस के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "राहुल जी आधिकारिक दौरे पर दक्षिण कोरिया गए हैं." सूत्र ने कहा कि राहुल सोमवार सुबह दक्षिण कोरिया के लिए रवाना हो गए हैं. सूत्र ने हालांकि इसका खुलासा नहीं किया वह कब तक लौटेंगे. इस बीच प्रियंका गांधी ने अपने भाई की अनुपस्थिति में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया. इंडिया गेट के विरोध प्रदर्शन में उनके साथ अहमद पटेल, के. सी. वेणुगोपाल, गुलाम नबी आजाद, अंबिका सोनी जैसे कई वरिष्ठ पार्टी नेता भी शामिल रहे.
यह भी पढ़ें : मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने नागरिकता संशोधन कानून और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर का किया समर्थन
वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं द्वारा करीब दो घंटे तक दिए धरने के बावजूद कई पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए. राहुल गांधी के पूर्व सहयोगी पंकज शंकर ने ट्विटर पर लिखा, "आशा है कि वह विदेश में नहीं हैं." एक अन्य ट्वीट में उन्होंने पूछा, "राहुल गांधी कहां हैं?"
इससे पहले भी कई मौकों पर, जब भारत में महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आए हैं तो राहुल गांधी गायब रहे हैं, जिसके बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ता है. कुछ मौकों पर बाद में यह सामने आया कि वह महत्वपूर्ण मुद्दों के समय विदेश गए हुए थे. आईएएनएस ने जब जानकारी लेने के लिए राहुल गांधी के कार्यालय से संपर्क किया तो उनके कर्मचारियों ने जवाब दिया, "आप क्यों पूछ रहे हैं?"
उन्होंने राहुल के ठिकाने के बारे में कोई भी जानकारी होने से इनकार कर दिया. सीएए कानून बनने के तुरंत बाद राहुल गांधी ने इस पर गंभीर आपत्ति जताई थी. उल्लेखनीय है कि नागरिकता संशोधन विधेयक के कानून बनने के बाद से ही राष्ट्रीय राजधानी सहित देशभर के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है. कई जगहों पर यह प्रदर्शन हिंसक रूप भी ले चुका है.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 17, 2019 11:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

