देश

BJP को मिला 532 करोड़ का चंदा, 6 राष्ट्रीय दलों से 9 गुना ज्यादा: एडीआर

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने बुधवार को अपनी रपट में बताया, "बीजेपी कॉर्पोरेट दानदाताओं के लिए स्पष्ट रूप से पसंदीदा पार्टी है. इनके द्वारा चंदे के रूप में दी गई यह राशि कांग्रेस को पहले दी गई राशि से 14 गुणा ज्यादा है."

BJP को मिला 532 करोड़ का चंदा, 6 राष्ट्रीय दलों से 9 गुना ज्यादा: एडीआर
बीजेपी ने 1,194 चंदों के जरिए प्राप्त 532.27 करोड़ रुपये की घोषणा की(Photo Credits: Facebook)

नई दिल्ली: सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) को वर्ष 2016-17 में पांच राष्ट्रीय पार्टियों के संयुक्त चंदे का नौ गुणा चंदा प्राप्त हुआ है. एक रपट से यह खुलासा हुआ. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने बुधवार को अपनी रपट में बताया, "बीजेपी कॉर्पोरेट दानदाताओं के लिए स्पष्ट रूप से पसंदीदा पार्टी है. इनके द्वारा चंदे के रूप में दी गई यह राशि कांग्रेस को पहले दी गई राशि से 14 गुणा ज्यादा है." 20,000 रुपये से अधिक चंदा पाने वाली सात राष्ट्रीय पार्टियों द्वारा घोषित चंदे की कुल राशि 589.38 करोड़ रुपये है, जिसे 2,123 चंदों (निजी और कॉर्पोरेट) के द्वारा दिया गया.

बीजेपी ने 1,194 चंदों के जरिए प्राप्त 532.27 करोड़ रुपये की घोषणा की, जबकि कांग्रेस ने 599 चंदों के जरिए प्राप्त 41.90 करोड़ रुपये की घोषणा की. रपट के अनुसार, "एक ही समय में बीजेपी द्वारा घोषित चंदा कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(राकांपा), मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और तृणमूल कांग्रेस द्वारा मिलाकर घोषित किए गए चंदे का नौ गुणा ज्यादा है."

मायावती की बहुजन समाज पार्टी(बसपा) ने घोषणा की है कि पार्टी को वित्त वर्ष 2016-17 के दौरान 20,000 रुपये से ज्यादा का चंदा नहीं मिला. रपट के अनुसार, "वित्त वर्ष 2016-17 में कॉर्पोरेट सेक्टर ने 708 चंदों के रूप में 563.24 करोड़ रुपये का चंदा दिया, जबकि 1,354 व्यक्तिगत डोनरों ने 25.07 करोड़ रुपये चंदे के रूप में दिए."

कॉर्पोरेट घरानों ने बीजेपी को 531 बार 515.43 करोड़ रुपये चंदे के रूप में दिए, जबकि 663 व्यक्तिगत डोनरों ने 16.82 करोड़ रुपये चंदे के तौर पर दिए. वहीं कांग्रेस को कॉर्पोरेट घरानों ने 98 बार चंदा दिया, जिससे उसे 36.06 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, वहीं इसी दौरान 501 व्यक्तिग डोनरों ने 5.84 करोड़ रुपये का चंदा दिया.

(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2018 10:01 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).