भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.अमेरिका को मुनीर के ईरान दौरे से बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद
ट्रंप का ऐलान, पोलैंड में 5,000 सैनिक और तैनात करेगा अमेरिका
उमर खालिद को दिल्ली हाईकोर्ट से मिली तीन दिन की अंतरिम जमानत
फ्रांस: एफिल टावर की सीढ़ी की नीलामी, 4.50 लाख यूरो की बोली लगी
तेल बिक्री की बातचीत के लिए भारत जाएंगी वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति: अमेरिका
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गुरुवार को कहा कि अगले हफ्ते वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोद्रिगेज भारत जाएंगी और वहां तेल की बिक्री से जुड़ी बातचीत करेंगी. उन्होंने कहा, "हम उन्हें उतनी ऊर्जा बेचना चाहते हैं जितनी वे खरीद सकें." रुबियो का यह एलान वेनेजुएला के नए प्रशासन पर अमेरिका के असर को दिखाता है.
जनवरी 2026 की शुरुआत में अमेरिकी विशेष बलों ने वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो को पद से हटा दिया और उन्हें उनकी पत्नी के साथ अमेरिका ले आए, जहां दोनों के खिलाफ मुकदमा चलाया जा रहा है. इसके बाद मादुरो की डिप्टी डेल्सी रोद्रिगेज देश की अंतरिम राष्ट्रपति बनीं, जो ट्रंप प्रशासन के मुताबिक, उनके साथ सहयोग कर रही हैं.
ट्रंप प्रशासन भारत को भी वेनेजुएला का तेल बेचना चाहता है, जिसपर बातचीत करने के लिए डेल्सी रोद्रिगेज भारत आएंगी. वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा ज्ञात तेल भंडार है.वहां पूरे अमेरिका से पांच गुना ज्यादा तेल मौजूद है.
ट्रंप का ऐलान, पोलैंड में 5,000 सैनिक और तैनात करेगा अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे पोलैंड में और 5,000 सैनिक तैनात करने जा रहे हैं. ट्रंप ने गुरुवार, 21 मई को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह फैसला राष्ट्रवादी पोलिश राष्ट्रपति कारोल नाव्रोत्स्की के साथ उनके संबंधों के आधार पर लिया गया.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "पोलैंड के नए राष्ट्रपति कारोल नाव्रोत्स्की के सफल चुनाव के आधार पर, जिनका समर्थन करने पर मुझे गर्व था और उनके साथ हमारे संबंधों को देखते हुए, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी है कि अमेरिका पोलैंड में अतिरिक्त 5,000 सैनिक भेजेगा."
डॉनल्ड ट्रंप की यह घोषणा अमेरिकी रक्षा विभाग के उस बयान के ठीक दो दिन बाद आई है, जिसमें कहा गया था कि वह यूरोप में अमेरिकी सेना की ब्रिगेड कॉम्बैट टीमों की संख्या को चार से घटाकर तीन कर रहा है.
इससे पहले मई में अमेरिका ने जर्मनी से 5,000 सैनिकों को वापस बुलाने की घोषणा की थी. तब डॉनल्ड ट्रंप और जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स के बीच एक सार्वजनिक विवाद के बाद यह फैसला आया था. फ्रीडरिष मैर्त्स ने कहा था कि ईरान बातचीत की मेज पर अमेरिका को "अपमानित" कर रहा है, जिससे ट्रंप का गुस्सा भड़क गया था.
उमर खालिद को दिल्ली हाईकोर्ट से मिली तीन दिन की अंतरिम जमानत
दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार, 22 मई को दिल्ली दंगा मामले में अभियुक्त उमर खालिद को तीन दिन की अंतरिम जमानत दी. कानूनी खबरों की वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक, 2 जून को उमर खालिद की मां की एक सर्जरी होनी है, इसके लिए उन्हें 1 से 3 जून तक की अंतरिम जमानत दी गई है ताकि वे अपनी मां के साथ वक्त बिता पाएं. हालांकि, उमर खालिद ने 15 दिनों की अंतरिम जमानत मांगी थी.
जस्टिस प्रतिभा एम सिंह और जस्टिस मधु जैन की बेंच ने अंतरिम जमानत देते हुए कहा कि जेल से बाहर रहने के दौरान उमर खालिद के पास सिर्फ एक मोबाइल रहेगा और वे जांच अधिकारी के लगातार संपर्क में रहेंगे. कोर्ट ने कहा कि उमर खालिद इस दौरान अपने घर पर ही रहेंगे और मां से मिलने के लिए अस्पताल जा सकेंगे. इसके अलावा वे किसी दूसरी जगह नहीं जा सकेंगे.
इससे पहले 19 मई को सेशन कोर्ट ने उमर खालिद की जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट का रुख किया था. सेशन कोर्ट ने कहा था कि उमर खालिद को पहले भी अंतरिम जमानत दी गई है और उस दौरान उन्होंने शर्तों का उल्लंघन नहीं किया, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि उन्हें हर मौके पर जमानत दे दी जाए.
दिल्ली दंगा मामले में उमर खालिद और अन्य आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है. यूएपीए के तहत दर्ज मामलों में जमानत मिलना मुश्किल होता है. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इसी हफ्ते टिप्पणी की है कि यूएपीए के तहत दर्ज मामलों में भी “जमानत नियम और जेल अपवाद” होनी चाहिए.
फ्रांस: एफिल टावर की सीढ़ी की नीलामी, 4.50 लाख यूरो की बोली लगी
फ्रांस की राजधानी पेरिस में गुरुवार, 21 मई को एफिल टावर की मूल घुमावदार सीढ़ी का एक हिस्सा नीलामी में बेचा गया. खरीदने वाले ने लगभग 450,000 यूरो की बोली लगाई. 1889 में बना एफिल टॉवर की सीढ़ी का यह हिस्सा लगभग 9 फीट ऊंचा है, जिसे एक फ्रांसीसी कलेक्टर ने खरीदा है.
इस सीढ़ी में 14 पायदान हैं और इसका वजन 1.4 टन है. पहले इसकी कीमत सवा लाख यूरो से डेढ़ लाख यूरो के बीच आंकी गई थी. 1983 में जब एफिल टावर में एक लिफ्ट लगाई गई थी, तब इसकी सीढ़ियों के कुछ हिस्सों को अलग-अलग आकारों के 24 छोटे हिस्सों में तोड़ दिया गया था.
2016 में, सीढ़ी के एक और 14-पायदान वाले हिस्से को एक एशियाई खरीदार को लगभग 524,000 यूरो में नीलाम किया गया था. वहीं 2008 में अमेरिका के एक कलेक्टर ने इस सीढ़ी के एक हिस्से के लिए 553,000 यूरो की रिकॉर्ड कीमत चुकाई थी.
अमेरिका को मुनीर के ईरान दौरे से बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने उम्मीद जताई है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के तेहरान दौरे से युद्ध खत्म करने की बातचीत आगे बढ़ सकती है. उन्होंने गुरुवार को कहा, “मेरा मानना है कि पाकिस्तानी (सेना प्रमुख) आज तेहरान जाएंगे इसलिए उम्मीद है कि यह इसे (बातचीत को) आगे बढ़ाएगा.” उन्होंने यह भी कहा कि वे अधिक आशावादी नहीं होना चाहते लेकिन “कुछ अच्छे संकेत” मिले हैं.
अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने के लिए जारी बातचीत कुछ आगे बढ़ी है लेकिन कुछ मुद्दों पर मतभेद अभी भी बरकरार हैं. इनमें तेहरान के यूरेनियम भंडार और होर्मुज जलडमरूमध्य के नियंत्रण का मुद्दा शामिल है. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका आखिरकार ईरान के संवर्धित यूरेनियम के भंडार को हासिल कर लेगा. वहीं, मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खमेनेई ने निर्देश दिया है कि यूरेनियम को बाहर नहीं भेजा जाएगा.
इसी तरह ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बनाए रखना चाहता है और वहां से गुजरने वाले जहाजों से फीस वसूलने की योजना पर भी विचार कर रहा है. वहीं, ट्रंप ईरान की इस योजना के सख्त खिलाफ हैं. उनका कहना है कि यह एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है और “हम इसे खुला और स्वतंत्र रखना चाहते हैं, हम कोई टोल नहीं चाहते.”













QuickLY