Karnataka: घर से ₹12 करोड़ कैश बरामद... कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र गिरफ्तार, सट्टेबाजी रैकेट चलाने का लगा आरोप
कर्नाटक के चित्रदुर्ग से कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र बड़ी मुसीबत में हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को उन्हें एक बड़े ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी रैकेट से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया.
Congress MLA KC Veerendra Arrested: कर्नाटक के चित्रदुर्ग (Chitradurga Assembly Constituency) से कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र बड़ी मुसीबत में हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को उन्हें एक बड़े ऑनलाइन (Online Betting) और ऑफलाइन सट्टेबाजी (Offline Betting) रैकेट से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया. यह गिरफ्तारी सिक्किम के गंगटोक से हुई, जहां ईडी की टीम ने उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 के तहत हिरासत में लिया. यह कार्रवाई 22 अगस्त से शुरू हुए दो दिवसीय देशव्यापी छापेमारी अभियान के बाद की गई. ईडी की बेंगलुरु क्षेत्रीय टीम ने 22 और 23 अगस्त को देश भर में 31 जगहों पर छापेमारी की. इन जगहों में गंगटोक, चित्रदुर्ग, बेंगलुरु, हुबली, जोधपुर, मुंबई और गोवा शामिल थे.
खासकर गोवा में, पांच बड़े कैसीनो - Puppy's Casino Gold, Ocean Rivers Casino, Puppy's Casino Pride, Ocean 7 Casino और Big Daddy Casino पर भी छापेमारी की गई.
ये भी पढें: Dream11 से लेकर WinZO, MPL तक, इन ऑनलाइन मनी गेम्स को सरकार ने किया बंद, ऑनलाइन गेमिंग बिल 2025 हुआ पास
12 करोड़ रुपये नकद बरामद
इस दौरान जांच एजेंसी ने लगभग 12 करोड़ रुपये नकद बरामद किए, जिनमें से 1 करोड़ रुपये विदेशी मुद्रा में थे. इसके अलावा, लगभग 6 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण, 10 किलो चांदी के सामान और एक ही वीआईपी नंबर वाली चार लग्जरी कारें भी जब्त (Luxury Cars Seized) की गईं. साथ ही, 17 बैंक खाते और दो लॉकर भी जब्त कर लिए गए हैं.
ईडी ने बताया कि विधायक के भाई केसी नागराज और उनके बेटे पृथ्वी एन राज (Prithvi N Raj) के घर से जमीन-जायदाद से जुड़े कई दस्तावेज भी मिले हैं.
चर्चा में 'King567' और 'Raja567' नाम
एजेंसी को शक है कि विधायक और उनका परिवार 'King567' और 'Raja567' नाम से ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स (Online Betting Sites) चलाते थे, जिनसे मोटी कमाई होती थी. जांच एजेंसियों से बचने के लिए यह पैसा एक जटिल नेटवर्क के जरिए इधर-उधर किया जाता था.
सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि विधायक के भाई केसी थिप्पास्वामी (KC Thippaswamy) दुबई से तीन कंपनियां- Diamond Softech, TRS Technologies और Prime9 Technologies चला रहे हैं. ये कंपनियाँ कॉल सेंटर और गेमिंग बिजनेस के नाम पर काम करती हैं, लेकिन जांच एजेंसी को शक है कि इनका इस्तेमाल सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया जा रहा है.
ईडी ने कार्रवाई को लेकर क्या बताया?
ईडी ने बताया कि विधायक और उनके सहयोगी हाल ही में एक व्यापारिक सौदे के बहाने बागडोगरा से गंगटोक पहुंचे थे, जहां वे जमीन पर एक नया कसीनो लीज पर लेने की कोशिश कर रहे थे. तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों से पता चलता है कि नकद लेन-देन और निवेश को छिपाने के लिए कई परतों का इस्तेमाल किया गया था.
फिलहाल, केसी वीरेंद्र को गंगटोक कोर्ट में पेश किया गया और वहां से उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर बेंगलुरु लाया जाएगा. अब आगे की जांच से यह स्पष्ट होगा कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और कितना काला धन इधर-उधर किया गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2025 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

