देश

पीएम मोदी ने मॉस्को आतंकी हमले की निंदा की, रूस के साथ खड़े रहने का दिया भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल में हुए आतंकी हमले की निंदा की. पीएम मोदी ने रूस के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की है. इस आतंकवादी हमले में 60 से अधिक लोग मारे गए हैं.

पीएम मोदी ने मॉस्को आतंकी हमले की निंदा की, रूस के साथ खड़े रहने का दिया भरोसा
PM Modi | Credit- ANI

नई दिल्ली, 23 मार्च : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल में हुए आतंकी हमले की निंदा की. पीएम मोदी ने रूस के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की है. इस आतंकवादी हमले में 60 से अधिक लोग मारे गए हैं. पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ''हम मॉस्को में जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है.''

मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में हथियारों से लैस बंदूकधारियों ने शुक्रवार को लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. हमले में कम से कम 60 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हुए हैं. कथित तौर पर आईएसआईएस ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. मॉल शहर की सीमा के ठीक बाहर मॉस्को क्षेत्र में पड़ता है. यहां स्थानीय समय के अनुसार, रात 8 बजे के आसपास हमला किया गया. आरटी की रिपोर्ट के अनुसार, हमले के बाद वहां अफरा तफरी मच गई. हमलावरों ने संगीत समारोह में आए लोगों को निशाना बनाया और घटनास्थल के वीडियो में चारों ओर शव बिखरे हुए दिखाई दिए. उन्होंने कथित तौर पर इमारत में आग लगाने के लिए हथगोले भी फेंके. यह भी पढ़ें : Mumbai: मुंबई में 39 मंजिला इमारत में लगी आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई गई

मीडिया ने रूस की जांच समिति (आईसीआर) के हवाले से कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा, "रूसी विदेश मंत्रालय को मॉस्को के क्रोकस सिटी हॉल पर हुई भयानक त्रासदी के बाद दुनिया भर से आम नागरिकों से संवेदना व्यक्त करने वाले फोन आ रहे हैं. वे इस खूनी आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा कर रहे हैं."

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 23, 2024 11:16 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).