PM Modi ने देशवासियों को किया सावधान, कहा- COVID-19 को हल्के में नहीं लें, थोड़ी सी लापरवाही खुशियों को धूमिल कर देगी
नई दिल्ली: कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी से जारी जंग में भारत ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. इस बात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने भी माना है. साथ ही पीएम मोदी ने देशवासियों से कोविड-19 (COVID-19) से बचाव के लिए पहले की तरह ही सावधानी बरतने की अपील की है. प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई को उसी जोश से तब तक लड़ना है, जब तक इसकी वैक्सीन नहीं बन जाती है. COVID-19 से जंग में भारत निकला सबसे आगे, ठीक हुए मरीजों की संख्या विश्व में सबसे अधिक
पीएम मोदी ने कहा “कोरोना के खिलाफ जनता कर्फ्यू से लेकर आज तक हम सभी भारतीयों ने एक बहुत लंबा सफर तय किया है. समय के साथ आर्थिक गतिविधियों में भी धीरे धीरे तेजी नजर आ रही है. हम में से अधिकांश लोग, अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए, फिर से जीवन को गति देने के लिए, रोज घरों से बाहर निकल रहे हैं. त्योहारों के इस मौसम में बाजारों में भी रौनक धीरे-धीरे लौट रही है.”
उन्होंने कहा “हमें ये भूलना नहीं है कि लॉकडाउन भले चला गया हो, वायरस नहीं गया है. बीते 7-8 महीनों में, प्रत्येक भारतीय के प्रयास से, भारत आज जिस संभली हुई स्थिति में हैं, हमें उसे बिगड़ने नहीं देना है और अधिक सुधार करना है. ये समय लापरवाह होने का नहीं है. ये समय ये मान लेने का नहीं है कि कोरोना चला गया, या फिर अब कोरोना से कोई खतरा नहीं है.”
प्रधानमंत्री ने कहा “अगर आप लापरवाही बरत रहे हैं, बिना मास्क के बाहर निकल रहे हैं, तो आप अपने आप को, अपने परिवार को, अपने परिवार के बच्चों को, बुजुर्गों को उतने ही बड़े संकट में डाल रहे हैं. हाल के दिनों में हम सबने बहुत सी तस्वीरें, वीडियो देखे हैं जिनमें साफ दिखता है कि कई लोगों ने अब सावधानी बरतना बंद कर दिया है. ये ठीक नहीं है. आज अमेरिका हो या फिर यूरोप के दूसरे देश, इन देशों में कोरोना के मामले कम हो रहे थे, लेकिन अचानक से फिर बढ़ने लगे हैं.”
कोविड-19 वैक्सीन को लेकर पीएम मोदी ने कहा “जब तक सफलता पूरी न मिल जाए, लापरवाही नहीं करनी चाहिए. जब तक इस महामारी की वैक्सीन नहीं आ जाती, हमें कोरोना से अपनी लड़ाई को कमजोर नहीं पड़ने देना है. अनेक देश इसके लिए काम कर रहे हैं. हमारे देश के वैज्ञानिक भी वैक्सीन के लिए जी-जान से जुटे हैं. भारत में अभी कोरोना की कई वैक्सीन्स पर काम चल रहा है. इनमें से कुछ एडवान्स स्टेज पर हैं.”
उन्होंने देशवासियों को सचेत करते हुए कहा “एक कठिन समय से निकलकर हम आगे बढ़ रहे हैं, थोड़ी सी लापरवाही हमारी गति को रोक सकती है, हमारी खुशियों को धूमिल कर सकती है. जीवन की जिम्मेदारियों को निभाना और सतर्कता ये दोनो साथ-साथ चलेंगे तभी जीवन में खुशीयां बनी रहेंगी.” साथ ही उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों से कोरोना के प्रति जागरूकता फ़ैलाने की अपील की.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 20, 2020 06:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

