Petrol and Diesel Price Today: मुंबई में पेट्रोल 95 रुपये प्रति लीटर के पार, लगातार छठे दिन बढ़े दाम
पेट्रोल और डीजल के दाम में रविवार को लगातार छठे दिन बढ़ोतरी दर्ज की गई. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल का भाव 95 रुपये प्रति लीटर के ऊपर चला गया है और अन्य शहरों में रोज नये रिकॉर्ड स्तर को छू रहा है.
नई दिल्ली, 14 फरवरी : पेट्रोल और डीजल (Petrol and diesel) के दाम में रविवार को लगातार छठे दिन बढ़ोतरी दर्ज की गई. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल का भाव 95 रुपये प्रति लीटर के ऊपर चला गया है और अन्य शहरों में रोज नये रिकॉर्ड स्तर को छू रहा है. कोलकाता में पेट्रोल 90 रुपये प्रति लीटर के ऊपर बिक रहा है. दिल्ली में लगातार छह दिनों में पेट्रोल 1.78 रुपये लीटर महंगा हो गया है जबकि डीजल के दाम में 1.93 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है. तेल विपणन कंपनियां दोनों वाहन ईंधनों के दाम में इजाफा कर देश के उपभोक्ताओं को रोज महंगाई के झटके दे रही हैं. पेट्रोल और डीजल के दाम में वृद्धि की वजह अंतर्राष्ट्रीय बाजार (International market) में कच्चे तेल में आई तेजी है. बेंचमार्क कच्चा तेल 62 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया है.
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल का भाव बढ़कर क्रमश: 88.73 रुपये, 90.01 रुपये, 95.21 रुपये और 90.96 रुपये प्रति लीटर हो गया है. डीजल की कीमतें भी दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में बढ़कर क्रमश: 79.06 रुपये, 82.65 रुपये, 86.04 रुपये और 84.16 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं. यह भी पढ़ें : Petrol and Diesel Price Today: पेट्रोल और डीजल के बढ़े दाम, जानें अपने प्रमुख शहरों के रेट्स
अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) पर बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड का अप्रैल डिलीवरी अनुबंध शुक्रवार को बीते सत्र से 2.49 फीसदी की तेजी के साथ 62.66 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ. बीते एक महीनें में ब्रेंट के भाव में 11 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ है. न्यूयार्क मर्केंटाइल एक्सचेंज (नायमैक्स) पर वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) का मार्च अनुबंध शुक्रवार को बीते सत्र से 2.54 फीसदी की तेजी के साथ 59.72 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 14, 2021 02:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

