Padma Awards 2022: CDS रावत, कल्याण सिंह को मरणोपरांत पद्म विभूषण, सुंदर पिचाई और गुलाम नबी को पद्म भूषण सम्मान, देखें पूरी लिस्ट
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुत्व के ‘पोस्टर बॉय’ दिवंगत कल्याण सिंह और हाल ही में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हुए भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत को मंगलवार को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
नयी दिल्ली, 25 जनवरी: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुत्व के ‘पोस्टर बॉय’ दिवंगत कल्याण सिंह और हाल ही में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हुए भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत को मंगलवार को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि कांग्रेस के दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और माकपा नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया.
कोविड-19 रोधी टीका ‘कोविशील्ड’ विकसित करने वाले सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के साइरस पूनावाला और स्वदेशी कोरोना वायरस टीके ‘कोवैक्सिन’ का उत्पादन करने वाली कंपनी भारत बायोटेक के कृष्णा इल्ला और सुचित्रा इल्ला को भी पद्म भूषण पुरस्कार दिया गया.
कल्याण सिंह और जनरल रावत को मरणोपरांत देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से नवाजा गया. माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किया गया.
दिवंगत पंजाबी लोक गायक गुरमीत बावा, अभिनेता विक्टर बनर्जी और पूर्व केंद्रीय गृह सचिव राजीव महर्षि को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है. ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा और गायक सोनू निगम को पद्म श्री से सम्मानित किया गया.
गृह मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति ने इस वर्ष दो दोहरे मामलों सहित 128 पद्म पुरस्कारों को प्रदान करने की मंजूरी दी. दोहरे मामले में, पुरस्कार की गणना एक के रूप में की जाती है. इस सूची में चार पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं. पुरस्कार पाने वालों में 34 महिलाएं हैं .
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 25, 2022 09:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

