देश

Odisha: पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर उपहार स्वरूप एक दिन में लगाए जाएंगे 75 लाख पेड़

ओडिशा सरकार ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की घोषणा की. 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के दूसरे चरण में ओडिशा के लोगों की ओर से एक दिन में राज्य भर में रिकॉर्ड 75 लाख (7.5 मिलियन) पेड़ लगाए जाएंगे.

Odisha: पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर उपहार स्वरूप एक दिन में लगाए जाएंगे 75 लाख पेड़
Photo Credits ANI)

भुवनेश्वर, 1 अगस्त : ओडिशा सरकार ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाने की घोषणा की. 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के दूसरे चरण में ओडिशा के लोगों की ओर से एक दिन में राज्य भर में रिकॉर्ड 75 लाख (7.5 मिलियन) पेड़ लगाए जाएंगे.

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने लोक सेवा भवन में एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए इसकी घोषणा की. उन्होंने कहा, "यह पौधारोपण अभियान प्रधानमंत्री मोदी को ओडिशा की ओर से एक उपहार होगा, जिनका देश और ओडिशा के लिए अभूतपूर्व योगदान रहा है. यह अभियान एक जन आंदोलन बनना चाहिए." यह भी पढ़ें : नीतीश सरकार का बड़ा ऐलान! शिक्षा विभाग के रसोइयों, गार्डों और इंस्ट्रक्टरों की सैलरी हुई दोगुनी

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आगे बताया कि इस अभियान की शुरुआत पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी ने की थी. इसका दूसरा संस्करण, 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' वर्तमान में 5 जून से 30 सितंबर, 2025 तक चल रहा है, जिसका लक्ष्य राज्य भर में 7.5 करोड़ (75 मिलियन) पौधे लगाना है. पिछले साल, ओडिशा ने 6.72 करोड़ पौधे लगाकर अपने लक्ष्य को पार कर लिया था और राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया था.

उन्होंने ने वृक्षारोपण के बाद पेड़ों की देखभाल और सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि इस पहल में वन, कृषि और किसान सशक्तिकरण जैसे कई विभागों की व्यापक भागीदारी होगी. उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, गैर सरकारी संगठनों, युवा संघों, स्वैच्छिक संगठनों, पंचायती राज संस्थाओं, स्कूलों, कॉलेजों और महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को व्यापक और प्रभावशाली प्रचार अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' सिर्फ एक आयोजन न रहकर पर्यावरण संरक्षण के लिए एक जन आंदोलन का रूप ले. उन्होंने आगे कहा, "एक पेड़ लगाना ही काफी नहीं है. हर सरकारी कर्मचारी और नागरिक को उनके पालन-पोषण और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए."

उन्होंने सुझाव दिया कि वृक्षारोपण गतिविधियां सामूहिक वनों, गांवों की सार्वजनिक भूमि, सड़क किनारे के क्षेत्रों और निजी जमीन पर केंद्रित हों. उन्होंने आगे कहा कि हम नीम, करंज, इमली, अर्जुन, हरड़, बहेड़ा, कटहल, ताड़, अंजीर, कृष्णचूड़ा, पीपल, अशोक, जामुन, कदंब, आंवला का वृक्ष लगा सकते हैं. सीएम माझी ने कहा कि स्थानीय जलवायु और फल उत्पादन के लिए उपयुक्त पौधे वितरित किए जाने चाहिए. पौधरोपण के आंकड़े और तस्वीरें निगरानी के लिए 'मेरी लाइफ' पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी. पंचायत अधिकारियों को स्थानीय कार्यान्वयन और पर्यवेक्षण का काम सौंपा जाएगा. मुख्यमंत्री माझी ने उत्कृष्ट भागीदारी के लिए व्यक्तिगत और सामूहिक दोनों स्तरों पर पुरस्कार देने की बात कही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 01, 2025 08:43 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).