एजेंसी न्यूज

कुख्यात इनामी बदमाश लालू यादव पुलिस से मुठभेड़ में मारा गया

बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में आतंक का पर्याय बना एक लाख रुपये का इनामी बदमाश बुधवार तड़के मऊ जिले में पुलिस से मुठभेड़ में मारा गया.

कुख्यात इनामी बदमाश लालू यादव पुलिस से मुठभेड़ में मारा गया
मौत/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, 28 अप्रैल : बिहार और उत्तर प्रदेश (Bihar and Uttar Pradesh) के पूर्वांचल में आतंक का पर्याय बना एक लाख रुपये का इनामी बदमाश बुधवार तड़के मऊ जिले में पुलिस से मुठभेड़ में मारा गया. अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने बदमाश लालू यादव (Lalu Yadav) का तड़के करीब साढ़े तीन बजे मऊ जिले के सराय लखंसी क्षेत्र स्थित भंवरेपुर के पास घेराव किया था. इस दौरान हुई मुठभेड़ में यादव घायल हो गया. उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान चिरैयाकोट थाना अध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह, इंस्पेक्टर राजेश प्रसाद यादव, उपनिरीक्षक अमित मिश्रा और कॉन्स्टेबल विवेक सिंह पर गोली चलायी गई लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से वे सभी बच गए.

कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल कुछ कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है. यह भी पढ़ें : मकान की छत ढही: मलबे में दबकर एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत

गौरतलब है कि एक लाख रुपये के इनामी बदमाश लालू यादव का बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में खासा आतंक था. उस पर मऊ जिले में आरटीआई कार्यकर्ता बाल गोविंद सिंह की हत्या के साथ-साथ हत्या के प्रयास और जौनपुर में दो करोड़ रुपए की डकैती तथा एक सुरक्षाकर्मी की हत्या कर 25 लाख रुपए लूटने समेत कुल 82 मुकदमे दर्ज थे.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2021 01:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).