नोएडा में सनसनीखेज वारदात: 16 साल के किशोर ने पिता की कुल्हाड़ी से हत्या की, फिर मेट्रो के सामने खुद कूदकर दी जान
नोएडा के गढ़ी चौखंडी इलाके में 16 वर्षीय किशोर ने सोते समय कुल्हाड़ी से अपने पिता की हत्या कर दी. इसके बाद उसने सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
- Read in
- English
Noida Shocker: नोएडा के गढ़ी चौखंडी इलाके से एक सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया है. यहां 16 साल के एक किशोर ने कथित तौर पर सोते समय अपने पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के कुछ ही घंटों बाद आरोपी किशोर ने सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन पर चलती मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है.
मृतक पिता की पहचान राजू शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बोकारो के रहने वाले थे और वर्ष 2005 से नोएडा में रह रहे थे. वे पेशे से एक ट्यूटर थे और अपने बेटे के साथ करीब तीन महीने पहले ही गढ़ी चौखंडी में एक किराए के मकान में रहने आए थे.
वारदात के बाद घर में रुका, फिर मेट्रो स्टेशन पहुंचा
पुलिस जांच के अनुसार, यह घटना बुधवार तड़के की है जब राजू शर्मा अपने कमरे में सो रहे थे. वारदात के बाद किशोर लगभग चार घंटे से अधिक समय तक शव के पास ही घर के अंदर बना रहा. इसके बाद वह सुबह करीब 7.15 बजे सेक्टर 52 मेट्रो स्टेशन पहुंचा और मेट्रो ट्रेन के आगे छलांग लगा दी.
मेट्रो स्टेशन पर घटना के बाद पुलिस ने किशोर के बैग से दो मोबाइल फोन और मकान की चाबियां बरामद की थीं.
बदबू आने पर खुला हत्या का राज
किशोर की मौत के बाद जब परिजन राजू शर्मा से संपर्क नहीं कर पाए, तो उनके भाई अरुण ने उनकी तलाश शुरू की. गुरुवार देर रात टिकोना पार्क के पास बने मकान से स्थानीय निवासियों ने दुर्गंध आने की शिकायत की. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किशोर के पास से मिली चाबियों से ताला खोला, तो अंदर का दृश्य भयावह था.
कमरे में बिस्तर पर राजू शर्मा का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था. दीवार पर खून के छींटे थे और पास ही हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद हुई. फर्श पर किशोर के खून से सने कपड़े और पिता की दो फ्रेम की हुई तस्वीरें भी रखी हुई मिलीं.
तनाव की जांच कर रही पुलिस
आस-पास के लोगों और पड़ोसियों के मुताबिक, राजू शर्मा स्वभाव से काफी सख्त थे और वे अपने बेटे को घर से बाहर ज्यादा निकलने नहीं देते थे. किशोर नियमित स्कूल भी नहीं जा रहा था और धीरे-धीरे सामाजिक रूप से पूरी तरह अलग-थलग हो चुका था.
पुलिस को अंदेशा है कि किशोर गंभीर मानसिक तनाव या अवसाद से जूझ रहा था. हालांकि, हत्या के पीछे की मुख्य वजह क्या थी, इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है.
जांच जारी
अपर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भाई अरुण की शिकायत के आधार पर किशोर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस साक्ष्य जुटाकर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मेट्रो स्टेशन जाने से पहले घर के भीतर क्या परिस्थितियां बनी थीं.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 15, 2026 11:42 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

