Religious Tourism: मध्य प्रदेश में धार्मिक पर्यटन हेली सेवा की शुरुआत
मध्य प्रदेश में धार्मिक स्थलों के भ्रमण करने वालों को रविवार को बड़ी सौगात मिली. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा की शुरुआत की.
Religious Tourism: मध्य प्रदेश में धार्मिक स्थलों के भ्रमण करने वालों को रविवार को बड़ी सौगात मिली. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा की शुरुआत की. मुख्यमंत्री ने उज्जैन स्थित पुलिस लाइन में उद्घाटन कार्यक्रम में कहा कि पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा केवल श्री महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर के लिए नहीं है बल्कि हमारे आस्था के केंद्र ज्योतिर्लिंगों के प्रति देश और दुनिया में स्थित श्रद्धालुओं की आस्था को जोड़ने का संकल्प है. उन्होंने हेली सेवा के तहत प्रारंभ हो रहे हेलीकॉप्टर की विधिवत पूजा-अर्चना की और हरी झंडी दिखाकर हवाई सेवा का शुभारंभ किया.
मुख्यमंत्री ने हेली सेवा के अंतर्गत प्रथम यात्री मुंबई से आईं दिशा सिंह और उनके परिवार को टिकट का वितरण किया. पहले चरण में भोपाल-उज्जैन, ओंकारेश्वर एवं इंदौर-उज्जैन ओंकारेश्वर रूट पर हवाई सेवा प्रारंभ की गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आईआरसीटीसी पर बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हवाई सेवा का विस्तार निरंतर जारी रहेगा. आने वाले दिनों में हेलीकॉप्टर की संख्या और बढ़ाई जाएगी, जिसमें 16-16 यात्री हवाई सेवा का लाभ ले सकेंगे. प्रदेश के मैहर, दतिया, ओरछा, अन्य धार्मिक, पर्यटन और ऐतिहासिक महत्व के देव स्थलों को भी हवाई यात्रा से जोड़ा जाएगा. उज्जैन को पिछले दो दिनों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगातें मिली हैं. विकास का क्रम निरंतर जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि विकास के लिए उज्जैनवासियों ने सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की है.
मुख्यमंत्री ने केडी मार्ग चौड़ीकरण के लिए स्वेच्छा से धार्मिक स्थलों को पीछे करने के लिए उज्जैनवासियों को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि विकास के मामले में उज्जैन नित्य नए आयाम स्थापित कर रहा है. मां शिप्रा शुद्धिकरण के संकल्प को पूरा करने के लिए कान्हा क्लोज डक्ट परियोजना का भूमिपूजन किया गया. इसमें बड़े आकार की लाइन के माध्यम से पूरी कान्हा नदी की दिशा बदली जाएगी, जिससे मां शिप्रा में कान्हा का दूषित पानी नहीं आएगा. मां शिप्रा का जल शुद्ध बना रहेगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 16, 2024 05:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

