Mumbai Monsoon: मुंबई में मेयर के सामने खुले मैनहोल में गिरा शख्स, रितु तावड़े ने अधिकारियों को दी सस्पेंशन की चेतावनी; VIDEO
मुंबई में मानसून की दस्तक के साथ ही जलजमाव की स्थिति का जायजा लेने उतरीं मेयर रितु तावड़े के सामने एक सफाईकर्मी खुले मैनहोल में गिर गया. इस घटना से नाराज मेयर ने बीएमसी अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में मैनहोल खुला पाए जाने पर संबंधित वार्ड अधिकारियों को निलंबित करने की चेतावनी दी है.
- Read in
- English
Mumbai Monsoon: मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मानसून की आमद के साथ ही भारी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. बुधवार, 24 जून को मुंबई की नवनिर्वाचित मेयर रितु तावड़े जब शहर के बाढ़ संभावित इलाकों का निरीक्षण कर रही थीं, तब उनके सामने ही बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) का एक सफाईकर्मी खुले मैनहोल में गिर गया. इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए मेयर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी कि यदि शहर में कोई भी मैनहोल खुला पाया गया, तो संबंधित वार्ड के जिम्मेदार अधिकारी को तुरंत निलंबित कर दिया जाएगा.
मेयर के सामने हुआ हादसा, अधिकारियों को फटकार
मेयर रितु तावड़े बुधवार को दादर, हिंदमाता और गांधी मार्केट जैसे जलजमाव के प्रति संवेदनशील इलाकों में नागरिक सुविधाओं और ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति का जायजा ले रही थीं. इसी दौरान भारी बारिश के बीच पानी की निकासी को सुगम बनाने के काम में जुटा एक बीएमसी सफाईकर्मी अचानक खुले ड्रेन (मैनहोल) में गिर गया. गनीमत यह रही कि उसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मेयर ने कहा कि जनता और फील्ड स्टाफ की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. यह भी पढ़े; Mumbai Trans-Harbour Line: बारिश के चलते तुर्भे-कोपरखैरणे के बीच पटरी धंसने से ट्रांस-हार्बर लाइन बाधित, सुबह दफ्तर जाने वाले यात्री परेशान; VIDEO
मेयर के सामने खुले मैनहोल में गिरा शख्स
#WATCH : Mumbai Civic Body Employee Falls Into Manhole in Front of Mayor Ritu Tawde, Officials Pulled Up
Mumbai: An embarrassing safety lapse came to light when a civic body employee reportedly fell into an open manhole during an inspection in the presence of Mumbai Mayor Ritu… pic.twitter.com/TSwLvpGq58
— upuknews (@upuknews1) June 24, 2026
'अलर्ट' बोर्ड और बैरिकेड्स पर ध्यान देने की अपील
एनडीटीवी (NDTV) से बातचीत करते हुए मेयर तावड़े ने बताया कि भारी बारिश के दौरान जमा हुए कचरे को साफ करने और जलभराव को रोकने के लिए मैनहोल के ढक्कन को अस्थायी रूप से हटाया गया था. उन्होंने कहा कि मैनहोल के चारों ओर सुरक्षा बैरिकेड्स और 'अलर्ट' का बोर्ड लगाया गया था. कर्मचारियों और आम नागरिकों को भी ऐसे बोर्ड देखकर सतर्क रहना चाहिए. मेयर ने मुंबईवासियों से अपील की है कि वे बीएमसी द्वारा लगाए गए नोटिस और पोस्टरों को ध्यान से पढ़ें. उन्होंने यह भी जोड़ा कि बीएमसी सड़कों से पानी निकालने के लिए युद्ध स्तर पर पंपिंग स्टेशनों और सफाई टीमों का संचालन कर रही है.
मुंबई में भारी बारिश और विपक्षी दलों के आरोप
मुंबई में इस साल मानसून अपने सामान्य समय से लगभग दो सप्ताह की देरी से 23 जून को पहुंचा है. पहली ही रात हुई भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और कुछ जगहों पर बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है. इस स्थिति को लेकर अब मुंबई में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. शिवसेना (UBT) के नेता आदित्य ठाकरे ने महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार नागरिक सुविधाओं के बजाय राजनीति को प्राथमिकता दे रही है.
आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि मौजूदा प्रशासन हिंदमाता और गांधी मार्केट में बनाए गए होल्डिंग टैंक और पंपिंग स्टेशनों को ठीक से संचालित करने में विफल रहा है, जिन्हें महाविकास अघाड़ी (MVA) सरकार के दौरान जलभराव से मुक्ति दिलाने के लिए तैयार किया गया था.
मेयर ने विपक्ष के आरोपों पर किया पलटवार
विपक्ष के इन आरोपों का जवाब देते हुए मेयर रितु तावड़े ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने के लिए नेताओं और अधिकारियों को फील्ड में उतरना पड़ता है. घर बैठकर काम नहीं होते. उन्होंने आदित्य ठाकरे का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष किया कि कुछ लोग कोविड-19 के समय भी घर से ही प्रबंधन कर रहे थे. उन्होंने विपक्षी नेताओं को सलाह दी कि वे केवल सोशल मीडिया पर राजनीति करने के बजाय प्रभावित इलाकों का दौरा करें और जमीनी हकीकत को खुद देखें. फिलहाल, मुंबई में बारिश का दौर जारी है और बीएमसी की टीमें हाई अलर्ट पर हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2026 03:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

