एजेंसी न्यूज

Coronavirus Updates: देश में कोविड-19 के कुल मामलों में 85 प्रतिशत से अधिक मामले छह राज्यों से

महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु से लगातार कोविड-19 के ज्यादा मामले आ रहे हैं और पिछले 24 घंटे में देश में सामने आए कुल मामलों में इन छह राज्यों की हिस्सेदारी 85.91 प्रतिशत रही. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को इस बारे में बताया.

Coronavirus Updates: देश में कोविड-19 के कुल मामलों में 85 प्रतिशत से अधिक मामले छह राज्यों से
कोरोना का कहर (Photo Credits: PTI)

नयी दिल्ली, 11 मार्च : महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु से लगातार कोविड-19 (COVID-19) के ज्यादा मामले आ रहे हैं और पिछले 24 घंटे में देश में सामने आए कुल मामलों में इन छह राज्यों की हिस्सेदारी 85.91 प्रतिशत रही. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Ministry of Health) ने बृहस्पतिवार को इस बारे में बताया. पिछले 24 घंटे में देश में कोविड-19 के 22,854 मामले आये. मंत्रालय के अनुसार नये मामलों में सबसे अधिक 13,659 मामले (देश में कुल मामलों का करीब 60 प्रतिशत) महाराष्ट्र से है. इसके बाद केरल (2,475) और पंजाब (1,393) से मामले सामने आए हैं. आठ राज्यों - महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा में नए मामलों में वृद्धि हो रही है. भारत में वर्तमान में 1,89,226 मरीजों का उपचार चल रहा है जो कुल मामलों का 1.68 प्रतिशत है.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राज्यों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में परिवर्तन देखा जा रहा है और केरल में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में सबसे अधिक गिरावट तथा महाराष्ट्र में बढ़ोतरी देखी गयी है. मंत्रालय ने बृहस्पतिवार सुबह सात बजे अनंतिम रिपोर्ट जारी कर बताया कि देश में अब तक 4,78,168 सत्रों के माध्यम से 2.56 करोड़ (2,56,85,011) से अधिक लोगों का टीकाकरण हुआ है. टीका लेने वालों में 71,97,100 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली खुराक, 40,13,249 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी खुराक, 70,54,659 अग्रिम मोर्चा के कर्मियों को पहली खुराक और 6,37,281 अग्रिम मोर्चा के कर्मियों को दूसरी खुराक दी गयी. इसके अलावा गंभीर बीमारी से पीड़ित 45 साल से अधिक उम्र के 9,67,058 लोगों को तथा 60 साल से अधिक उम्र के 58,15,664 लोगों को टीके की पहली खुराक दी गयी. यह भी पढ़ें : Coronavirus Updates: भारत में एक दिन में कोरोना के लगभग 23 हजार नए मामले

टीकाकरण अभियान के 54वें दिन (10 मार्च) कुल 13,17,357 लोगों को टीके की खुराक दी गयी. देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 से कुल 126 लोगों ने दम तोड़ा हैं मंत्रालय ने बताया कि मौत के नए मामलों में 82.54 प्रतिशत मामले छह राज्यों से हैं. महाराष्ट्र में सबसे अधिक 54 लोगों की मौत हुई. इसके बाद पंजाब में 17 और केरल में 14 लोगों की मौत हुई. देश में पिछले 24 घंटे में 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों - गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, असम, ओडिशा, गोवा, झारखंड, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, सिक्किम, लद्दाख, मणिपुर, दमन एवं दीव और दादर एवं नगर हवेली, मेघालय, मिजोरम, नगालैड, त्रिपुरा और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह तथा अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 से किसी की मौत नहीं हुई.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 11, 2021 02:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).