Mangaluru KFC Outlet Seized: मैंगलुरु के केएफसी आउटलेट पर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की बड़ी कार्रवाई, खराब चिकन की शिकायत पर गोदाम सील

यह मामला मैंगलुरु के के.एस. राव रोड स्थित सिटी सेंटर मॉल के केएफसी आउटलेट का है. एक ग्राहक ने ऑनलाइन 'चिकन पेरी पेरी लेग्स' ऑर्डर किया था, जो कथित तौर पर बासी और दुर्गंधयुक्त निकला.

Mangaluru KFC Outlet

Mangaluru KFC Outlet Seized: कर्नाटक के मैंगलुरु में एक प्रसिद्ध केएफसी (KFC) आउटलेट खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के घेरे में आ गया है. ऑनलाइन ऑर्डर में खराब और बदबूदार चिकन परोसे जाने की ग्राहक की शिकायत के बाद अधिकारियों ने आउटलेट पर अचानक छापेमारी की. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आउटलेट के गोदाम को सील कर दिया है और खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं.

मैंगलुरु आउटलेट पर छापेमारी और सैंपल कलेक्शन

यह मामला मैंगलुरु के के.एस. राव रोड स्थित सिटी सेंटर मॉल के केएफसी आउटलेट का है. एक ग्राहक ने ऑनलाइन 'चिकन पेरी पेरी लेग्स' ऑर्डर किया था, जो कथित तौर पर बासी और दुर्गंधयुक्त निकला.  यह भी पढ़े:  VimVimal Elaichi Ad: मुश्किल में शाहरुख खान, अजय देवगन-टाइगर श्रॉफ, विमल इलायची विज्ञापन मामले में FDA का नोटिस, मांगा स्पष्टीकरण

शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आउटलेट की रसोई, स्टोर रूम, कोल्ड स्टोरेज, दीप फ्रीजर और फ्राइड चिकन के स्टॉक का निरीक्षण किया. कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गोदाम को सील कर दिया और प्रयोगशाला परीक्षण के लिए चिकन के नमूने जब्त किए. अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

मैसूर और अन्य जिलों में भी कार्रवाई

मैंगलुरु की यह कार्रवाई पूरे कर्नाटक में चलाए जा रहे व्यापक खाद्य सुरक्षा अभियान का हिस्सा है. मैसूर शहर और जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने होटल रियो मेरिडियन से 9 किलोग्राम एक्सपायर्ड चिकन, होटल ग्रैंड मर्क्यूर से 68 किलोग्राम मांस और क्यू स्टार होटल से 4 किलोग्राम मशरूम जब्त किया.

इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग ने मैसूर और नंजनगुड तालुकों के रिसॉर्ट्स में भी निरीक्षण अभियान चलाया. इस दौरान तीन रिसॉर्ट्स की जांच की गई और उन्हें नोटिस जारी किए गए. अधिकारियों ने पांच खाद्य नमूने एकत्र किए और 16 किलोग्राम एक्सपायर्ड तथा खराब होने योग्य खाद्य सामग्री को जब्त कर नष्ट कर दिया.

अस्पताल की रसोई और लक्जरी होटल भी जांच के दायरे में

खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान केवल रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं है. बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल की रसोई में निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड रवा, आइसिंग शुगर, मैदा, बासी ब्रेड, मेथी की पत्तियां और 90 किलोग्राम से अधिक दालें एवं अन्य सामग्री पाई गई.

इसके अलावा बेंगलुरु के फोर सीजन्स और शांगरी-ला जैसे प्रमुख लक्जरी होटलों में भी जांच के दौरान एक्सपायर्ड दूध और खराब मांस जैसी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है. राज्य भर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में यह जांच अभियान लगातार जारी है.

Share Now