Delhi Shocker: दिल्ली में बेघर व्यक्ति को कार ने मारी टक्कर, 10 मीटर तक घसीटे जाने से हुई मौत
दिल्ली के कनॉट प्लेस में कार से कथित तौर पर टक्कर मारे जाने और करीब 10 मीटर तक घसीटे जाने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को घटना के बाद कार चालक मौके से भाग गया था, जिसे अगले दिन गिरफ्तार कर लिया गया.
Delhi Shocker: दिल्ली के कनॉट प्लेस में कार से कथित तौर पर टक्कर मारे जाने और करीब 10 मीटर तक घसीटे जाने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को घटना के बाद कार चालक मौके से भाग गया था, जिसे अगले दिन गिरफ्तार कर लिया गया. अधिकारियों ने बताया कि कार की चपेट में आने के बाद लेखराज (45) को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. लेखराज फुटपाथ पर जीवन-यापन करते थे.
पुलिस अधिकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की मदद से 28 वर्षीय चालक शिवम दुबे का पता लगाया गया, जो मध्यप्रदेश के मूल निवासी दुबे ने बुधवार को दक्षिण दिल्ली के महिपालपुर में रहने वाले अपने एक दोस्त से कार ली थी और वह किसी से मिलने के लिए कनॉट प्लेस गया था.
अधिकारी ने बताया कि अपराह्न करीब 3.25 बजे लौटते समय दुबे ने कार से लेखराज को कथित तौर पर टक्कर मार दी, जो कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में बाराखंभा की तरफ रोड के पास सड़क पार कर रहे थे. लेखराज कार के पहियों के नीचे फंस गए, लेकिन दुबे कथित तौर पर गाड़ी चलाता रहा. करीब 10 मीटर तक घसीटे जाने के बाद लेखराज को सड़क पर छोड़कर दुबे मौके से फरार हो गया. इसके बाद लेखराज को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. कनॉट प्लेस इलाके से भागने के बाद दुबे ने कार वापस अपने दोस्त को सौंप दी.
सीसीटीवी की जांच की गई और कार के मालिक की पहचान की गई. इसके बाद दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. उक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है. मामले में जांच जारी है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 07, 2024 03:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

